- पेयजल निगम ने कैंट एरिया के 150 परिवारों को जारी कर रहा नोटिस
- कैंट एरिया के इस क्षेत्र से 31 दिसंबर के बाद कट जाएंगे कनेक्शन

देहरादून (ब्यूरो): यह क्षेत्र नई योजना में शामिल नहीं है। इसलिए पेयजल निगम ने स्मिथ नगर के 150 परिवारों को नोटिस जारी किया है। निगम ने नोटिस जारी कर एक माह के अंदर अपनी-अपनी पानी की व्यवस्था स्वयं करने को कहा है। 31 दिसंबर के बाद योजना से उन्हें पानी नहीं दिया जाएगा। इस संबंध में पेयजल निगम ने गढीकैंट के सीईओ को भी पत्र प्रेषित किया है।

कंज्यूमर्स को झेलनी पड़ सकती है परेशानी
यह मामला निर्माणाधीन मेहूंवाला कलस्टर पेयजल योजना से जुड़ा है। वल्र्ड बैंक पोषित 164 करोड़ के इस पायलट प्रोजेक्ट का निर्माण उत्तराखंड पेयजल की वल्र्ड बैंक यूनिट कर रहा है। मेहूंवाला क्षेत्र की करीब 1.50 लाख आबादी योजना से लाभान्वित है, लेकिन स्मिथ नगर क्षेत्र कैंट एरिया में होने के चलते योजना में शामिल नहीं है। क्षेत्र मेें पहले जल संस्थान पानी मुहैया करा रहा था, इसलिए हस्तांतरण के बाद पेयजल निगम भी बराबर पानी मुहैया करा रहा था, लेकिन अब स्कीम रन करने वाली है, इसलिए स्मिथ नगर के कंज्यूमर्स को योजना के तहत पानी नहीं दिया जा रहा है।

गढीकैंट का हिस्सा है ये एरिया
स्मिथ नगर गढीकैंट एरिया का हिस्सा है। यह क्षेत्र कैंट बोर्ड का बार्डर एरिया है। यहां कैंट की पेयजल सप्लाई नहीं है। अब तक जल संस्थान ही यहां की पेयजल सप्लाई करता आया है। वल्र्ड बैंक की स्कीम शुरू होने के बाद अब पेयजल निगम पेयजल आपूर्ति देख रहा है। पेयजल निगम का कहना है कि स्मिथ नगर कैंट एरिया में होने के चलते योजना में शामिल नहीं है। न्यू वाटर स्कीम रनिंग पोजिशन में आ गई है। योजना के मीटर भी लगाए जाने हैं। ऐसे में जो इलाका स्कीम में शामिल नहीं है, उसे पानी देना संभव नहीं होगा।

जल कर वसूल रहा कैंट बौर्ड
यह बात भी अजीबो गरीब है। स्मिथ नगर को पानी की सप्लाई पेयजल निगम कर रहा है, लेकिन भवन के साथ ही वाटर टैक्स गढीकैंट छावनी बोर्ड ले रहा है। कई दशकों से छावनी बोर्ड स्मिथ नगर से जल कर ले रहा है, लेकिन अभी तक क्षेत्र के लोगों के लिए पेयजल की व्यवस्था नहीं करा पाया है।


स्मिथ नगर का कैंट एरिया मेहूंवाला क्लस्टर पेयजल योजना में शामिल नहीं है, ऐसे में चिन्हित परिवारों को पानी देना संभव नहीं है। इस संबंध में गढीकैंट बोर्ड को भी पत्र प्रेषित किया गया है। क्षेत्रवासियों को व्यवस्था के लिए एक माह का समय दिया जा रहा है।
मुजम्मिल हसन, ईई, वल्र्ड बैंक यूनिट, पेयजल निगम, देहरादून

स्मिथ नगर में पानी की आपूर्ति के लिए अमृत-2 के तहत स्कीम बनाई जा रही है। जब तक योजना नहीं बन जाती, तब तक पेयजल निगम जलापूर्ति जारी रखे। इस संबंध में क्षेत्र में पानी की आपूर्ति कर रहे पेयजल निगम से बात की जा रही है।
अभिनव कुमार, सीईओ, गढीकैंट बोर्ड, देहरादून
dehradun@inext.co.in