देहरादून ब्यूरो। रेखा आर्या ने सोशल मीडिया पर अपनी सेल्फी शेयर करते हुए लिखा था, आज बाबा बनखंडी नाथ की कृपा से मैक्स हॉस्पिटल दिल्ली में मेरा सफल ऑपरेशन हुआ। मैं जल्दी स्वस्थ होकर आप सभी की सेवा में तत्पपरता के साथ पुन: कार्य करूंगी। इस सेल्फी के साथ यूजर्स ने तमाम तरह की टिप्पणियां सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर शेयर की। आप का सकलानी नाम यूजर ने सेल्फी शेयर करने के साथ लिखा, सही किया आपने, यहां की स्वास्थ्य सेवाओं को आइना दिखा दिया। शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना। विनोद नौटियाल 15 ई नामक यूजर ने लिखा, उत्तराखंड का ये विकास किया है बीजेपी ने।

ये त्याग याद रहेगा
इस सेल्फी को लेकर तरह-तरह के तंज भी यूजर्स ने किये। द प्रोफेसर नामक यूजर ने लिखा, राज्य के हाईलेवल प्रीमियम सरकारी स्वास्थ्य सेवा को त्यागकर आपने दिल्ली के छोटे मैक्स अस्पताल की सुविधा ली। आपका ये त्याग याद रखा जाएगा। सोनू मंडोली नामक यूजर ने लिखा, काबीना मंत्री ने दिल्ली जाकर कराया रसौली का ऑपरेशन। लानत है राज्य के अस्पतालों पर भरोसा नहीं। कभी जनता का भी सोचना, जो इनसे रोज जूूझती है। प्रभात ध्यानी ने लिखा, उत्तराखंड परिवर्तन पार्टी की मांग, एक जैसा अस्पताल, एक जैसा इलाज।

उत्तराखंड की चिंता कौन करेगा
शिवा भारद्वाज नामक यूजर ने लिखा, उत्तराखंड की लाचार स्वास्थ्य व्यवस्था का जीता जागता उदाहरण है। जिस प्रदेश की मंत्री को अपने इलाज के लिए दिल्ली का रुख करना पड़े, उस प्रदेश की महिलाओं की स्वास्थ्य के चिंता कौन करेगा। कृष्णा डंगवाल ने लिखा, पहला कार्य आप यही करें कि प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार करें। अखिलेश डिमरी ने तंज किया, सबका अटल आयुष्मान कार्ड बनना चाहिए और सभी अस्पतालों में लागू होना चाहिए। अगर ऐसा होता तो मैक्स तो अपने सूबे का भी सात सितारा हॉस्पिटल है। अतुल सती जोशीमठ नामक यूजर ने इस संबंध में छपी एक खबर का लिंक शेयर करके लिखा, पोल खोली मंत्री जी ने स्वयं का इलाज दिल्ली जाकर करवाया। राज्य के स्वास्थ्य सेवाओं पर भरोसा नहीं। गजे सिंह बिष्ट ने लिखा, रेखा जी, अपने राज्य में कई रेखाएं और मालाएं हैं, जिन्हें सुरक्षित प्रसव सुविधा के अभाव में जान तक गंवानी पड़ती है। आप खुशनसीब हैं, जो आप धन संपन्न हैं। जल्दी स्वस्थ्य होकर लौट आइएगा तो कुछ सूबे की सेहत पर ध्यान दीजिएगा।