-अल्मोड़ा में अमित शाह की रैली में शामिल होने गए थे

=गाड़ी के उड़े परखच्चे, क्षत-विक्षत हुए शव

अल्मोड़ा : मंगलवार को अल्मोड़ा में बीजेपी सुप्रीमो अमित शाह की परिवर्तन यात्रा रैली से लौट रही एक मैक्स खाई में गिर गई। इसमें सवार 7 लोगों की मौत हो गई। हादसा इतना भयानक था कि गाड़ी के परखच्चे उड़ गए और शव भी क्षत-विक्षत मिले। इस हादसे में तीन लोग बुरी तरह घायल भी हुए हैं। घायलों को अपस्ताल पहुंचा दिया गया था और खबर लिखे जाने तक रेस्क्यू टीम एक ही शव निकाल पाई थी। खाई में पहाड़ से गिरते पत्थरों की वजह से शवों को निकालने का काम प्रभावित हो रहा था।

शाम करीब तीन बजे अल्मोड़ा में रैली खत्म होने के बाद भाजपा कार्यकर्ता मैक्स(यूके01टीए/ 8611) से अपने घरों को लौट रहे थे। शाम करीब छह बजे काफलीखान-भनौली मार्ग पर दो किमी आगे पलौली बैंड पर मैक्स अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरी। घटना के करीब आधे घंटे बाद ही एसडीएम फिंचा राम चौहान व तहसीलदार एनएस धामी राजस्व व पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे तब बचाव कार्य तेज हुआ। तीन घायलों को धौलादेवी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है। कुछ शव कार्ड के जरिए पहचाने गए जबकि कई शवों के बुरी तरह क्षत-विक्षत होने से उनकी शिनाख्त मुश्किल हो रही है।