देहरादून (ब्यूरो)। पुलिस के अनुसार पिछले कुछ दिनों से मसूरी में अनैतिक व्यापार की शिकायत आ रही थी। एसएसपी के निर्देश पर एंटी हयूमन ट्रैफिकिंग यूनिट और एसओजी की टीम बनाकर ऑनलाइन सेक्स रैकेट चलाने की शिकायतों की जांच की गई। जांच में पता चला कि हरियाणा के कुछ व्यक्ति स्पा सर्विस के नाम पर मसूरी में विभिन्न जगह बाहरी राज्यों से महिलाओं को लाकर सेक्स का धंधा कर रहे हैं।

देर रात मारा छापा
बीती रात पुलिस ने छापा मारकर ऑनलाइन स्पा सर्विस चलाने वाले गिरोह के 3 पुरुष और 2 महिलाओं को मसूरी से गिरफ्तार कर लिया। उनके पास से 1 स्विफ्ट और 1 ब्रेजा कार बरामद की गयी। इन कारों को अनैतिक व्यापार में शामिल महिलाओं को लाने व ले जाने के लिए इस्तेमाल किया जाता था। आरोपियों के खिलाफ थाना मसूरी में अनैतिक व्यापार निवारण अधिनियम की विभिन्न धाराओं के अंतर्गत मुकदमा दर्ज कराया गया।

सरगना हरियाणा का
गिरोह के सरगना किशन उर्फ सोनू ने पूछताछ में बताया कि लॉकडाउन से पहले वह मसूरी के होटल में काम करता था। पिछले महीने मसूरी आया और स्पा सर्विस के नाम पर जस्टडॉयल व अन्य ऑनलाइन टेलीफोनिक साइट्स पर अपना रजिस्ट्रेशन कराया। इसके बाद स्पा सर्विस की आड़ में अनैतिक व्यापार करने लगा। वह व्हाट्सएप और अन्य सोशल मीडिया के माध्यम से बाहरी राज्य से आने वाले टूरिस्ट को लड़कियों की फोटो भेजता था। इसके बाद उनसे ऑनलाइन पेमेंट लेकर उन्हें मसूरी के विभिन्न स्थानों पर लड़कियां उपलब्ध कराता था। किशन के अनुसार इस काम के लिए वह विभिन्न राज्यों से लड़कियों को बुलाता था। इससे पहले भी वह दिल्ली व अन्य राज्यों में अनैतिक व्यापार के कार्यों में संलिप्त था।

गिरफ्तार किये गये आरोपी
- किशन उर्फ सोनू, पुत्र बलवीर सिंह, निवासी बीबीपुर, जींद, हरियाणा।
- अमरजीत पुत्र सुरेश, निवासी गुप्ता कॉलोनी, वार्ड नंबर 32, जींद, हरियाणा।
- सपन मंडल पुत्र दुलाल मंडल, निवासी मोहल्ला चंद्रपुर, जिला मालदा कोलकाता।
- कंचन गुप्ता पत्नी मनोज गुप्ता, निवासी 480 शकूरपुर जेजे कॉलोनी सरस्वती विहार, पश्चिमी दिल्ली।
- सुधा देवी पत्नी भूरा सिंह, निवासी सिकंदरपुर, तहसील कोल बरकतपुर, अलीगढ़, उत्तर प्रदेश।

बरामद सामान
आपत्तिजनक सामग्री, टैबलेट, नगद धनराशि, स्विफ्ट और ब्रेजा कार।
dehradun@inext.co.in