- नीलधार से होकर बहती है गंगा

- नशीली दवाओं और इंजेक्शन का सेवन करने वालों को रोकने के लिए बनाई हंगलाज सेना

HARIDWAR: द्वारिका शारदा एवं ज्योतिष पीठ के शंकराचार्य स्वामी स्वरूपानंद ने कहा कि हर की पैड़ी पर बहने वाली नदी गंगा नहीं है। उन्होंने कहा कि हर की पैड़ी पर गंगा नहीं बहती है वहां पर गंगनहर आती है। गंगा तो वह है जो नीलधार से होकर जाती है। भ्रष्टाचार पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि जब तक अध्यात्म नहीं बढ़ेगा तब तक देश में भ्रष्टाचार खत्म नहीं हो सकता। उन्होंने नशीली दवाएं एवं इंजेक्शन का सेवन करने वालों को रोकने के लिए हंगलाज सेना बनाई है। जो नशा करने वालों को जागरूक करने का काम करेगी।

पत्रकार वार्ता में दी जानकारी

बुधवार को द्वारिका शारदा व ज्योतिष पीठ के शंकराचार्य स्वरूपानंद सरस्वती ने कनखल स्थित शंकराचार्य मठ में पत्रकारों से बातचीत की। इस दौरान उन्होंने कहा कि वह ब्रह्मकुंड के विवाद पर नहीं बोलना चाहते हैं। नीलधारा में स्नान करने की वजह पर उन्होंने कहा कि नीलधारा में ही गंगा है। हर की पैड़ी से गुजरने वाली गंगा नदी गंगा नहीं है। उन्होंने महाराष्ट्र में सूखे की वजह साई और शनि की पूजा को बताया। देश में रेप की घटना पर उन्होंने कहा कि आज महिलाएं नशे का सेवन कर रही हैं। जिस वजह से देश में रेप की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। कहा कि कुछ लोगों ने शनि को भगवान बना दिया है जो मात्र गृह था। शनि का दान हुआ करता था जो आज बंद हो गया है। लोगों ने पैसों के लिए शनि गृह के मंदिर बना दिए हैं। उन्होंने गंगा के घटते जलस्तर पर चिंता जताई। कहा कि गंगा पूजा, अस्थि विर्सजन, राख, फूल आदि पूजा की सामग्री डालने से मैली नहीं होती, बल्कि गंगा गंदे नाले, सीवर, बांध बनाने से प्रदूषित हो रही है।