मुंबई (एएनआई)। बाॅलीवुड एक्टर विद्युत जामवाल और मशहूर फैशन डिजाइनर नंदिता महतानी ने सगाई कर ली है। सोमवार को, विद्युत ने इंस्टाग्राम पर पोस्ट किया और नंदिता के साथ अपने रिश्ते को आधिकारिक बना दिया, जिसमें खुलासा किया गया कि दोनों ने 1 सितंबर को सगाई की थी। बता दें इस कपल ने खास दिन को सेलीब्रेट करने के लिए आगरा के ताजमहल का दौरा किया था।

ताजमहल के सामने दिया पोज
उन्होंने दो तस्वीरें भी पोस्ट कीं। पहली तस्वीर में दोनों को एक दीवार पर चढ़ते देखा जा सकता है और दूसरी तस्वीर में उन्हें ताजमहल के सामने पोज देते देखा जा सकता है। विद्युत, जो 'कमांडो' फ्रेंचाइजी में अपनी भूमिका के लिए सबसे ज्यादा जाने जाते हैं। उन्होंने पोस्ट को खास कैप्शन दिया। नंदिता ने भी अपने इंस्टाग्राम फॉलोअर्स के साथ इस खबर को साझा किया। वह लिखती हैं, "उसे अब और लटकाए नहीं रख सकती...हां कहा!! 1-9-21,"

सितारों ने दी बधाईयां
इस खबर के सामने आते ही फिल्मी सितारों और दोस्तों ने कपल को बधाई देना शुरु कर दिया। अभिनेत्री अनन्या पांडे ने टिप्पणी की, "येय!! बधाई हो नंदस।" "बधाई... ढेर सारा प्यार," अमृता अरोड़ा ने बधाई देते हुए यह कहा। इसके अलावा सुजैन खान, दीया मिर्जा, तुषार कपूर और रिद्धिमा कपूर साहनी जैसी अन्य हस्तियों ने भी जोड़े को शुभकामनाएं दीं।

Bollywood News inextlive from Bollywood News Desk