भोपाल (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती ने शुक्रवार को कथित मुठभेड़ में गैंगस्टर विकास दुबे के मारे जाने पर उत्तर प्रदेश पुलिस की प्रशंसा की। उमा भारती ने कहा कि भगवान शिव ने एक ईमानदार पुलिस अधिकारी देवेंद्र मिश्रा की हत्या के लिए 'दानव' विकास दुबे की जान ले ली। तीन जुलाई को कानपुर जिले के बिकरू गांव में कथित ताैर पर आठ पुलिस अधिकारियों की हत्या कर भागने वाले विकास दुबे को घटना के सातवें दिन उज्जैन से गिरफ्तार किया गया था।शुक्रवार को तड़के उज्जैन से कानपुर ले जाते समय कानपुर में हुई मुठभेड़ में वह मारा गया। विकास की गिरफ्तारी के बाद मध्य प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा था कि अभी भी तीन चीजों पर एक रहस्य है - वह उज्जैन कैसे पहुंचा? वह कितने समय तक उज्जैन में महाकाल मंदिर में रहा? सीसीटीवी फुटेज में आसानी से पता चल जाने पर उसे पहचानने में इतनी देर क्यों लगी? उन्होंने कहा था कि मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और गृह मंत्री के साथ इन मुद्दों पर वह बात करेंगी।


घायल पुलिस कर्मी की पिस्टल छीन कर भागने की कोशिश की थी
कानपुर एनकाउंटर के मुख्य आरोपी हिस्ट्रीशीटर विकास दुबे को उत्तर प्रदेश स्पेशल टास्क फोर्स (STF) की टीम उज्जैन से कानपुर लेकर आ रही थी, तभी कानपुर नगर भौंती में पुलिस की गाड़ी दुर्घटनाग्रस्त हुई तभी माैका देखते ही 5 लाख के इनामी मोस्ट वांटेड विकास दुबे ने घायल पुलिस कर्मी की पिस्टल छीन कर भागने की कोशिश की। पुलिस टीम ने विकास दुबे का पीछा किया तो वह फायरिंग करने लगा। पुलिस की ओर से की गई जबाबी फायरिंग और वह इस मुठभेड़ में घायल हो गया। उसे तुरंत उपचार हेतु अस्पताल ले जाया गया जहां उसकी माैत हो गई है।
मध्य प्रदेश पुलिस ने कल गुरुवार सुबह उज्जैन में धर दबोचा था
विकास दुबे को मध्य प्रदेश पुलिस ने कल गुरुवार सुबह उज्जैन में धर दबोचा था। उज्जैन के कलेक्टर आशीष सिंह ने कहा था कि विकास दुबे उज्जैन में महाकाल मंदिर का दर्शन करने आया था। जहां सुरक्षाकर्मियों ने उसे पहचान लिया। इसके बाद तुरंत पुलिस को सूचित किया गया। पुलिस के आने के बाद उसने अपनी पहचान कबूल की थी। 5 लाख के इनामी गैंगस्टर विकास दुबे और उसके लोगों ने कथित ताैर पर 3 जुलाई को उसे पकड़ने गई पुलिस टीम पर हमला कर आठ पुलिस कर्मियों की हत्या कर दी थी। मोस्ट वांडेट विकास दुबे पर करीब 60 मामले दर्ज थे।

National News inextlive from India News Desk