वाशिंगटन (एएनआई)। Rahul Gandhi Disqualified : कांग्रेस नेता राहुल गांधी इन दिनों देश ही नहीं विदेश में भी चर्चा में बने हैं। राहुल गांधी को हाल ही में सूरत की एक अदालत द्वारा मानहानि के मामले में 2 साल की सजा सुनाने के बाद उनकी लोकसभा की सदस्यता खत्म हो गई। राहुल के इस मामले में संयुक्त राज्य अमेरिका ने कहा है कि वह भारतीय अदालतों में कांग्रेस नेता राहुल गांधी के मामले पर लगातार अपनी नजर बनाए है। अमेरिकी विदेश विभाग के प्रधान उप प्रवक्ता वेदांत पटेल ने सोमवार (स्थानीय समय) पर कहा कि अमेरिका अभिव्यक्ति की आजादी सहित लोकतांत्रिक मूल्यों के लिए एक साझा प्रतिबद्धता पर भारत सरकार के साथ जुड़ा हुआ है। उन्होंने राहुल गांधी के संसद से निष्कासन के संबंध में एक सवाल का जवाब देते हुए एक प्रेस वार्ता में कहा कानून का शासन और न्यायिक स्वतंत्रता के लिए सम्मान किसी भी लोकतंत्र की आधारशिला है और हम राहुल गांधी के मामले को भारतीय अदालतों में देख रहे हैं।

विपक्षी दलों के सदस्यों के साथ जुड़ना सामान्य बात
यह पूछे जाने पर कि क्या अमेरिका भारत या राहुल गांधी के साथ बातचीत कर रहा है, तो उन्होंने कहा कि &मेरे पास बताने के लिए कुछ खास जानकारी नहीं है… लेकिन जैसा कि आप जानते हैं कि यह बहुत ही सामान्य बात है। हमारे लिए किसी भी देश जहां भी हमारे द्विपक्षीय संबंध हैं वहां के विपक्षी दलों के सदस्यों के साथ जुड़ना सामान्य बात है। सूरत की अदालत ने गुरुवार को राहुल गांधी को कर्नाटक में एक चुनावी रैली के दौरान 2019 में की गई उनकी 'मोदी सरनेम' टिप्पणी पर मानहानि के मामले में दो साल कैद की सजा सुनाई थी। इसके दूसरे दिन उन्हें लोकसभा सदस्य (सांसद) के रूप में अयोग्य घोषित कर दिया गया। राहुल गांधी केरल की वायनाड सीट से सांसद थे। राहुल ने अप्रैल 2019 में कर्नाटक के कोलार में एक लोकसभा चुनाव रैली में "सभी चोरों का सरनेम मोदी कैसे हो सकता है" टिप्पणी की थी। इस पर उनके खिलाफ सूरत पश्चिम से भाजपा विधायक पूर्णेश मोदी ने आपराधिक मानहानि का मुकदमा दायर किया था।

International News inextlive from World News Desk