कानपुर। पूर्वी, मध्य भारत व उत्तर पश्चिम भारत में इन दिनों तापमान बढ़ रहा है और गर्मी से लोग बेहाल हैं। विदर्भ में तापमान 43 डिग्री तक पहुंच चुका है। भारतीय माैसम विभाग की मानें तो इन जगहों पर अगले दो दिन में तापमान 2 से 3 डिग्री और बढ़ेगा। वहीं आज के माैसम पर नजर डालें तो पश्चिम राजस्थान में कुछ हिस्सों में, पूर्वी राजस्थान, दक्षिण हरियाणा, पश्चिम मध्य प्रदेश, उत्तर मध्य महाराष्ट्र और गुजरात में कई इलाकों में लू चलेगी।

आज इन राज्यों में चलेगी आंधी

वहीं पूर्वोत्तर व दक्षिण प्रायद्वीपीय भारत के कई हिस्सों में तेज हवाओं के साथ धूल भरी आंधी चलने की आशंका है। हवा की गति 40-50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। आज दक्षिण आंतरिक कर्नाटक, उत्तरी तटीय आंध्र प्रदेश, विदर्भ, दक्षिण छत्तीसगढ़ और नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में लोगों को अलर्ट रहने की जरूरत है। यहां धूल भरी आंधी के साथ कुछ इलाकों में बादल भी छाए रह सकते हैं।

24 घंटे में यहां बदलेगा माैसम

वहीं अगले 24 घंटे में उत्तर पश्चिम भारत में भी माैसम तेजी से बदलेगा। उत्तर राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली और पश्चिम उत्तर प्रदेश में 5 और 6 अप्रैल की दोपहर और शाम को आंधी और धूल भरी हवाएं चलने की आशंका है। वहीं बिहार और पश्चिम बंगाल में भी कुछ ऐसे ही हालात रहेंगे। सिक्किम, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 6 और 7 अप्रैल को हवाएं काफी तेज चलेंगी।

National News inextlive from India News Desk