नई दिल्ली (आईएएनएस / एएनआई)। Weather Update : देश की राजधानी दिल्ली समेत उत्तर भारत में अधिकांश राज्यों में अगले 48 घंटे तक माैसम का मिजाज थोड़ा बदला रहेगा। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, उत्तरी हरियाणा, चंडीगढ़ और पश्चिमी उत्तर प्रदेश जैसे क्षेत्रों में अगले तीन दिनों में भारी से बहुत भारी बारिश होने की आशंका जतायी है। इसमें हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा-चंडीगढ़-दिल्ली और पश्चिम उत्तर प्रदेश में शनिवार तक कहीं हल्की तो कहीं भारी बारिश हो सकती है। इसके अलावा पूर्वी उत्तर प्रदेश में शुक्रवार से 31 जुलाई तक बारिश होने के आसार है।
दिल्ली में न्यूनतम तापमान 26.6 डिग्री
शुक्रवार को दिल्ली में न्यूनतम तापमान 26.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो मौसमी औसत से एक डिग्री कम है। दिन के दौरान शहर में मध्यम बारिश की उम्मीद है। मौसम विज्ञानियों ने बादल छाए रहने और अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना जताई है। इसमे पहले आईएमडी ने गुरुवार को दिल्ली के लिए येलो अलर्ट जारी किया था,जिसमें अगले पांच से छह दिनों में रुक-रुक कर बारिश की भविष्यवाणी की गई। इसमें भी दिन में आम तौर पर बादल और मध्यम बारिश होने की संभावना और अधिकतम तापमान 32 डिग्री के आसपास रहने की उम्मीद जतायी थी।

National News inextlive from India News Desk