नई दिल्ली / मुंबई (एएनआई)। Weather Update Today : उत्तर प्रदेश व दिल्ली समेत देश के अधिकांश इलाकों में शनिवार को माैसम का मिजाज बदला रहेगा। क्षेत्रीय मौसम पूर्वानुमान केंद्र (आरडब्ल्यूएफसी) नई दिल्ली ने शनिवार को कहा कि उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में गरज के साथ बारिश होने की संभावना है। इसके देश की राजधानी दिल्ली में भी कुछ इलाके बारिश की चपेट में रहेंगे। उत्तर प्रदेश के सहारनपुर, देवबंद, नजीबाबाद, मुजफ्फरनगर, बिजनौर, चांदपुर, अमरोहा, मुरादाबाद के आसपास के इलाकों में अगले कुछ घंटे में आंधी के साथ ही बारिश की भी संभावना है। भारत के कुछ हिस्सों में पिछले कुछ दिनों से भारी बारिश हो रही है।

मानसून के आज मुंबई पहुंचने की संभावना

वहीं मुंबई के कुछ हिस्सों में शनिवार तड़के बारिश देखी गई, क्योंकि भारत मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, दक्षिण-पश्चिम मानसून के आज शहर में पहुंचने की उम्मीद है। आईएमडी मुंबई ने पहले कहा था, मानसून के रायगढ़, ठाणे, मुंबई और पालघर की ओर आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल हैं। मानसून के 24 जून तक मुंबई पहुंचने की संभावना है। आम तौर पर, मुंबई में मानसून आधिकारिक तौर पर जून के दूसरे सप्ताह में शुरू होता है। भारत मौसम विज्ञान विभाग ने 18 जून को देश में मानसून की शुरुआत पर अपडेट दिया था।

देश के कई हिस्सों में पहुंच चुका है मानसून

बता दें कि दक्षिण-पश्चिम मानसून भी देश के कई हिस्सों में पहुंच चुका है। तमिलनाडु में मानसून की दस्तक के साथ ही राजधानी चेन्नई में पिछले 48 घंटे में आंधी-तूफान के साथ भारी बारिश हुई। मानसून के आगमन के साथ ही दक्षिण भारत के विभिन्न हिस्सों में लगातार बारिश हो रही है। कर्नाटक, केरल और तमिलनाडु के अलग-अलग इलाकों में भी बारिश हो रही है। दक्षिण-पश्चिम मानसून भी देश के कई हिस्सों में पहुंच चुका है। लगातार बारिश ने असम के बजली नलबाड़ी और बारपेटा जिलों में हजारों लोगों को प्रभावित किया है।

National News inextlive from India News Desk