वाशिंगटन (एएनआई)। शनिवार को व्हाट्सएप ने घोषणा की कि उसने अपने प्राइवेसी पाॅलिसी अपडेट को स्थगित कर दिया है। जो यूजर्स को पाॅलिसी का रिव्यू करने और फेसबुक के स्वामित्व वाले मैसेजिंग ऐप की शर्तों को स्वीकार करने के लिए अधिक समय देगा। कंपनी ने कहा कि लोगों के बीच "भ्रम" होने के कारण प्राइवेसी अपडेट को फिलहाल रोक दिया गया है। एक बयान जारी करते हुए व्हाट्सएप ने कहा, 'हमने यूजर्स से जिस तारीख को प्राइवेसी में बदलाव को अनिवार्य करने के लिए कहा था। उसे वापस ले रहे हैं। अब 8 फरवरी को किसी भी यूजर का व्हाॅट्सएप एकाउंट बंद नहीं होगा।'

नई प्राइवेसी पाॅलिसी को किया स्थगित
कंपनी की ओर से आगे यह भी कहा गया, 'हमारी नीतियों को लेकर काफी भ्रम फैला है। हम गलत जानकारी को खत्म करने के लिए और भी बहुत कुछ करने जा रहे हैं। व्हाट्सएप पर गोपनीयता और सुरक्षा कैसे काम करती है। 15 मई को इस पर रिव्यू किया जाएगा।' बता दें कुछ दिनों पहले व्हाट्सएप ने जब नई प्राइवेसी पाॅलिसी के बारे में जानकारी दी थी। तो इस फैसले का काफी विरोध हुआ। यूजर्स को डर था कि व्हाट्सएप अब मैसेजेस को फेसबुक के साथ शेयर करेगा। इससे उनकी निजता का हनन होगा। इस बीच व्हाट्सएप के विकल्प के तौर पर कई अन्य एप्स प्ले स्टोर पर ट्रेंड करने लगे थे। यूजर सिग्नल और टेलिग्राॅम जैसे एप्लीकेशन पर स्विच होने की बात कह रहे थे। अगर ऐसा होता तो व्हाट्सएप को बड़ा झटका लगता।

नई पाॅलिसी में क्या था
व्हाट्सएप ने पहले भारत में अपने लाखों यूजर्स को मैसेज भेजा था, यह कहते हुए कि यह अपनी प्राइवेसी पाॅलिसी को बदल रहा है और यूजर्स को इसे "स्वीकार" करना ही होगा यदि वे एप्लिकेशन का उपयोग 8 फरवरी के बाद भी करना चाहते हैं। इस बदलाव में यूजर्स को नीतियों को 'अस्वीकार' करने का विकल्प नहीं दिया गया था। जिसके चलते यूजर्स के मन में डर बैठा और इसका खुलकर विरोध हुआ।

Technology News inextlive from Technology News Desk