लिसाड़ी गेट क्षेत्र से पांच बच्चे लापता होने से दहशत

थाने में जमा हुए लोगों ने किया जमकर हंगामा

Meerut। लिसाड़ी गेट थाना क्षेत्र से पांच बच्चे लापता होने से बखेड़ा खड़ा हो गया। क्षेत्रीय लोगों को शक है कि बच्चों को किसी गिरोह ने चुराया है। इसी शक में एक महिला को बंधक बनाकर भीड़ ने उस पर हमला बोल दिया। आरोप है कि यह महिला एक घर में घुसी और वृद्धा की आंख में मिर्ची पाउडर डालकर लाखों रुपये का सामान चुराकर उसका बच्चा उठाकर भाग रही थी। दो अन्य महिलाएं फरार हो गईं। भीड़ ने उसे बच्चा चोर गिरोह का सदस्य बताकर जमकर पिटाई करनी शुरू कर दी। इतना ही नहीं कपड़े तक फाड़ दिए। सूचना पर पहुंची लिसाड़ी गेट पुलिस ने मामले की जानकारी की। पिटाई कर रहे लोगों के चंगुल से महिला को बाहर निकालने की कोशिश की, लेकिन लोग नहीं माने। जिसके बाद पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा।

क्या है मामला

श्यामनगर निवासी शकील कचहरी में एक अधिवक्ता के यहां काम करता है। मंगलवार सुबह वह कचहरी आ गया था। घर में सात वर्षीय बेटा शारिक और 70वर्षीय मां खुशनूद फात्मा रह गए। खुशनूद का कहना है कि दो महिलाएं घर में आईं। उनकी बीमारी का इलाज बताकर सही करने के बहाने घर में घुस गईं। एक महिला ने खुशनूद के चेहरे पर तेल लगाया, जिससे उन्हें बेहोशी छाने लगी। जबकि दूसरी महिला ने घर से अलमारी खोलकर जेवरात चुरा लिए। खुशनूद का कहना है कि उन्होंने यह सब देखा तो विरोध किया। इस पर महिलाओं ने उनकी आंख में मिर्ची पाउडर डाल दिया। उनके पौत्र शारिक को गोद में उठाकर भागने लगी। शोर-शराबा सुनकर भीड़ उनके पीछे दौड़ पड़ी। एक महिला भाग गई। दूसरी महिला को भीड़ ने दबोच लिया। बच्चा चोर होने के शक में उसे दौड़ा-दौड़ाकर पीटा गया। काफी देर तक महिला की भीड़ ने जमकर पिटाई करनी शुरू कर दी।

काफी देर तक चला बवाल

लोगों ने महिला को छुड़ाया और अख्तर के मकान में बंद कर दिया। कई सौ लोगों की भीड़ ने अख्तर के घर को चारों तरफ से घेर लिया। पुलिस भी आ गई। समझाने की कोशिश में भीड़ ने पुलिस से भी अभद्रता और हाथापाई तक कर दी। अख्तर के घर के भीतर पहुंचने के लिए लोग आसपास वाले मकानों की छत पर चढ़ गए। यह देख पुलिस ने लाठीचार्ज कर दिया और पब्लिक को खदेड़ा। करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत कर पुलिस ने जैसे-तैसे इस महिला को निकाला और महिला थाने भिजवाया। भीड़ लिसाड़ी गेट थाने भी पहुंच गई। यहां जमकर हंगामा हुआ। पकड़ी गई महिला रूबीना निवासी कोटला, घंटाघर बताई गई है। उससे एक बैग बरामद हुआ है। पुलिस महिला से पूछताछ करने में जुटी है।

इलाके में दहशत

पांच बच्चे लापता होने से क्षेत्र में दहशत का माहौल है। रामपुर की रुख्सार तारापुरी में अपने भाई रियासत के यहां आई हुई है। रुख्सार का कहना है कि उसकी चार साल की बेटी फर्रो मंगलवार सुबह लापता हो गई। रिसायत का बेटा अब्दुल रहमान भी मंगलवार सुबह 9 बजे से लापता है। दोनों बच्चे घर के बाहर खेल रहे थे। बच्चों के परिजनों ने उनकी हत्या की आशंका जताई है। पकड़ी गई महिला पर बच्चों को चुराने का संदेह जताया है। तारापुरी निवासी शाह नजर (8) पुत्र इस्लामुद्दीन भी सोमवार सुबह से लापता है। उधर, समर गार्डन का अरमान (10) पुत्र नदीम मंगलवार को मोहल्ले के मदरसे में गया था। इसके बाद से वह भी लापता चल रहा है। 25 अगस्त से समर गार्डन से लापता चल रहे रिहान (10) पुत्र यूसुफ का अभी तक कोई सुराग नहीं लग सका है। लगातार बच्चे लापता होने से परिजनों में दहशत है। लिसाड़ी गेट थाने में शिकायत की गई है।

बच्चा चोर की कोई भी अफवाह यदि सोशल मीडिया पर फैलाई जा रही है, इसकी जानकारी पुलिस को दें। इस मामले में सख्त कार्रवाई की जाएगी।

अजय साहनी, एसएसपी