- ठाकुरगंज में 35 वर्षीय युवक की हथौड़ी से वार कर हत्या

- सआदतगंज में 45 वर्षीय महिला की ईट से कूचकर हत्या

- बच्चों ने लगाया मौसा पर हत्या का आरोप, पुलिस तलाश रही वजह

LUCKNOW: राजधानी में दिनदहाड़े दोपहर दो बजे दो अलग-अलग थाना क्षेत्र में हत्यारों ने एक महिला को ईट से कूचकर और युवक पर हथौड़ी से वार कर मौत के घाट उतार दिया। युवक की हत्या ठाकुरगंज में अंजाम दी गई जबकि महिला की हत्या का मामला दो थानों के सीमा विवाद में काफी देर उलझा रहा। बाद में सआदतगंज पुलिस ने छानबीन शुरू की। मौके पर पहुंची डॉग स्क्वायड और फारेंसिक टीम ने जांच की। वहीं हत्यारों की गिरफ्तारी के लिए कई टीम बनाई गई हैं।

पिता को कंडा लेने भेजा था युवक ने

इंस्पेक्टर ठाकुरगंजने बताया कि बरौरा हुसैनबॉडी थाना ठाकुरगंज निवासी मुन्नीलाल कनौजिया का बेटा राजकुमार (35) घर के अंदर कमरे में मृत अवस्था में मिला। किसी अज्ञात व्यक्ति ने भारी चीज से वार करके उसकी हत्या कर दी। मृतक मजदूरी करता था। इंस्पेक्टर ने बताया कि राजकुमार ने दोपहर 2.15 बजे अपने पिता मुन्नीलाल को बीस रुपए देकर कंडा लाने के लिए भेजा था। जब मृतक का पिता वापस घर पहुंचा तो देखा कि राजकुमार मृत अवस्था में पड़ा था। मृतक की नाक और सिर पर चोट के निशान हैं। मृतक पर किसी भारी चीज से वार किया गया है। राजकुमार की पत्नी दो बच्चों के साथ दिल्ली में रहकर कपड़ा धुलाई का काम करती है। घर पर मृतक के पिता मां और भाई राजू रहते हैं।

हत्या की सुई परिवार के ईद गिर्द

एडीसीपी विकास चंद्र त्रिपाठी का कहना है कि राजकुमार की हत्या की सुई परिवार के ईद गिर्द घूम रही है। घटना स्थल से खून से सनी हथौड़ी मिली है। पिता मुन्नीलाल और राजकुमार का भाई शराब के नशे में धुत मिले हैं। घटना स्थल पर किसी तरह के संघर्ष के निशान नहीं मिले हैं। माना जा रहा है कि राजकुमार पर सोते समय हथौड़ी से कई वार किए गए हैं।

बॉक्स

बेटा घर लौटा तो खुला हत्या का राज

इंस्पेक्टर सआदतगंज ने बताया कि नवीन नगर निवासी रमाकांति (45) का घर में संदिग्ध हालात में शव मिला। करीब दो बजे स्कूल से घर लौटे मृतका के बेटे ने देखा कि मां खून से लथपथ जमीन पर पड़ी है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने रमाकांति को इलाज के लिए अस्पताल भेजा, जहां डॉक्टर्स ने उसे मृत घोषित कर दिया। इंस्पेक्टर ने बताया कि मृतका के पति की पहले ही मौत हो चुकी है। वह अपने देवर मुकेश के घर में दो बच्चे अर्पित और हर्षित के साथ रहती थी।

मौसा पर लगाया बच्चे ने आरोप

रमाकांति के बेटा ने ठाकुरगंज निवासी अपने मौसा शिवा पर हत्या का आरोप लगाया है। उसका आरोप है कि शिवा उसकी मां को कई बार गाली गलौज के साथ जान से मारने की धमकी दे चुका है।

मौसा ने ही की थी हत्या

विधवा रमाकांति की हत्या उसके बहनोई सत्यप्रकाश शुक्ला उर्फ शिवा ने की थी। एडीसीपी विकास चंद्र त्रिपाठी ने बताया कि आरोप के आधार पर शिवा को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। इस बीच उसके मोबाइल की लोकेशन निकाली गई। हत्या के समय उसके मोबाइल की लोकेशन रमाकांति के घर के आस-पास मिली। सख्ती से पूछताछ में शिवा टूट गया और उसने हत्या की बात स्वीकार कर ली। आरोपी शिवा ने बताया कि वह रमाकांति से चार हजार रुपये की डिमांड कर रहा था। जब उसने पैसे देने से मना कर दिया तो उसने ईट से हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।