- ट्रांसपोर्ट डिपार्टमेंट की नरमी से लापरवाह हुए व्हीकल ओनर

- पहले तक पॉल्यूशन टेस्ट सेंटर्स पर थी मारामारी, अब पसरा सन्नाटा

- अब तक सिर्फ 6लाख 38 हजार व्हीकल का ही जारी हुआ पीयूसी सर्टिफिकेट

- 1 नवंबर से सख्ती, न्यू एमवी (अमेंडमेंट) एक्ट के तहत कटेगा चालान

देहरादून।

न्यू एमवी (अमेंडमेंट) एक्ट में बिना पॉल्यूशन अंडर कंट्रोल (पीयूसी) के व्हीकल्स के खिलाफ पैनल्टी के सख्त प्रावधान किए गए हैं, पैनल्टी की रकम पहले से ढाई गुना बढ़ाई गई है, इसके बावजूद राज्य में 21 लाख से ज्यादा वाहन बिना पॉल्यूशन सर्टिफिकेट फर्राटा भर रहे हैं। दूसरी तरफ पॉल्यूशन टेस्ट सेंटर खाली पड़े हैं, जबकि पिछले दिनों पीयूसी के लिए दिन रात मारामारी हो रही थी। जाहिर है परिवहन विभाग की नरमी से व्हीकल ओनर लापरवाह हो गए हैं। ये लापरवाही 1 नवंबर से व्हीकल ओनर्स को भारी पड़ने वाली है। परिवहन विभाग एक नवंबर से बिना पीयूसी पकड़े जाने पर बढ़ी हुई नई दरों पर चालान करने की तैयारी में है।

25 परसेंट व्हीकल ही पॉल्यूशन फ्री

राज्य में 27 लाख से ज्यादा व्हीकल रजिस्टर्ड हैं, लेकिन परिवहन विभाग के आंकड़ों के मुताबिक 6.38 लाख व्हीकल्स का ही अभी तक पॉल्यूशन टेस्ट हुआ है, इनमें से 6.33 लाख व्हीकल का ही पॉल्यूशन अंडर कंट्रोल निकला। ये आंकड़ा कुल व्हीकल्स का करीब-करीब 25 परसेंट है। जाहिर है 75 परसेंट व्हीकल कार्रवाई के दायरे में होंगे।

पॉल्यूशन टेस्ट सेंटर्स पर सन्नाटा

75 परसेंट वाहन सड़कों पर बिना पीयूसी घूम रहे हैं और पॉल्यूशन टेस्ट सेंटर्स पर इन दिनों सन्नाटा पसरा हुआ है। दैनिक जागरण आई नेक्स्ट ने शहर के कई पॉल्यूशन टेस्ट सेंटर्स का रियलिटी चेक किया तो कहीं कोई व्हीकल पॉल्यूशन चेक के लिए नहीं था। इससे तो यही लगता है कि व्हीकल ओनर भी अब न्यू एमवी एक्ट को लेकर लापरवाह हो गए हैं। रेसकोर्स व ट्रांसपोर्टनगर एरिया के पॉल्यूशन सेंटर्स तो पिछले कई दिनों से खाली पड़े हैं।

विभाग की नरमी तो नहीं लापरवाही का कारण

परिवहन विभाग द्वारा व्हीकल ओनर्स को 31 अक्टूबर तक पॉल्यूशन अंडर कंट्रोल सर्टिफिकेट से रियायत दी गई है, फिलहाल जिन व्हीकल ओनर्स के पास पीयूसी नहीं है, उनका पुरानी दरों पर ही चालान किया जा रहा है, जिसमें 1000 रुपए पैनल्टी चार्ज की जा रही है। शायद यही वजह है कि व्हीकल ओनर पीयूसी में लापरवाही बरत रहे हैं।

एक नवंबर से लापरवाही पड़ेगी भारी

व्हीकल ओनर्स की यह लापरवाही एक नवंबर से भारी पड़ेगी। परिवहन विभाग द्वारा केवल 31 अक्टूबर तक ही रियायत दी जा रही है, एक नवंबर से परिवहन विभाग पीयूसी न होने पर नई दरों पर चालान करेगा, 1000 रुपए की जगह 2500 रुपए पैनल्टी चार्ज की जाएगी।

विभाग का तर्क

एक परिवार में चार-चार व्हीकल हैं। व्हीकल ओनर्स ने अपनी सहूलियत के हिसाब से एक या दो व्हीकल का पॉल्यूशन चेक करवा रहे हैं और उन्हीं से काम ले रहे हैं। इस कारण पीयूसी होल्डर्स की संख्या कम हो सकती है। हालांकि, बिना पीयूसी व्हीकल ओनर्स के खिलाफ अब सख्त कार्रवाई की जाएगी।

- सुधांशु गर्ग, डिप्टी कमिश्नर, ट्रांसपोर्ट।