मुंबई (एएनआई)। न्‍यूली पैरेंट्स बने आलिया भट्ट और रणबीर कपूर अपनी बेटी को घर ले आए हैं। कपल को गुरुवार सुबह अस्पताल से निकलते देखा गया। बता दें आलिया ने बीते रविवार को एक बेटी को जन्‍म दिया। अब, नई माँ को आज अस्पताल से छुट्टी मिल गई और रणबीर अपनी बेटी को मुंबई के एचएन रिलायंस अस्पताल से घर ले आए। वीडियो में रणबीर और आलिया की कार को अस्पताल से बाहर निकलते देखा जा सकता है।

नन्‍हीं परी के माता-पिता बने आलिया-रणबीर
आलिया भट्ट ने एक इंस्टाग्राम पोस्ट के माध्यम से अपनी बच्ची के आगमन की घोषणा की थी। 'ब्रह्मास्त्र' कपल ने 6 नवंबर को दोपहर करीब 12:05 बजे एक बच्ची का स्वागत किया। आलिया द्वारा अपने सोशल मीडिया पर खबर शेयर करने के तुरंत बाद, फैंस ने बधाई मैसेजेस से कमेंट बॉक्‍स भर दिया। पावर कपल ने इस साल जून में अपनी प्रेग्नेंसी की घोषणा की थी। इससे पहले आलिया-रणबीर ने 14 अप्रैल, 2022 को शादी कर ली थी। शादी के ठीक दो महीने बाद ही इस जोड़े ने अपने फैंस को इतना बड़ा सरप्राइज दिया।

ये फिल्‍में हैं लाइन में
वर्क फ्रंट की बात करें तो आलिया और रणबीर को हाल ही में साई-फाई एक्शन फिल्म 'ब्रह्मास्त्र: पार्ट 1- शिव' में एक साथ देखा गया था, जिसे दर्शकों ने खूब पसदं किया। अयान मुखर्जी के निर्देशन में बनी इस फिल्म में अमिताभ बच्चन और मौनी रॉय भी मुख्य भूमिका में थे। 'ब्रह्मास्त्र' अब OTT प्लेटफॉर्म Disney+ Hotstar पर स्ट्रीमिंग हो रही है। इस बीच, रणबीर अगली बार निर्देशक लव रंजन की अगली अनटाइटल्ड रोमांटिक कॉमेडी फिल्म में श्रद्धा कपूर के साथ और निर्देशक संदीप रेड्डी वांगा की गैंगस्टर ड्रामा फिल्म 'एनिमल' में रश्मिका मंदाना, अनिल कपूर और बॉबी देओल के साथ दिखाई देंगे। दूसरी ओर, आलिया अगली बार निर्देशक करण जौहर की 'रॉकी और रानी की प्रेम कहानी' में रणवीर सिंह, धर्मेंद्र और जया बच्चन के साथ दिखाई देंगी।

Bollywood News inextlive from Bollywood News Desk