पटना (ब्यूरो)। बिहार में पछुआ हवा के कारण गर्मी बढ़ गई है। प्रदेश का उच्चतम तापमान 42.8 डिग्री सेल्सियस पहुंचा गया है। पश्चिम से आने वाली गर्म हवाएं प्रदेश में कहर बरपाने लगी हैं। रविवार को पटना, बक्सर एवं भोजपुर में दिन भर लू चली। सोमवार को प्रदेश के चौदह जिलों में लू चलने की संभावना है। इन जिलों में बक्सर, भोजपुर, कैमूर, रोहतास, जहानाबाद, अरवल, औरंगाबाद, गया, पटना, नालंदा, शेखपुरा, नवादा, बांका एवं जुमई शामिल हैं।

बांका रहा राज्य में सबसे गर्म

रविवार को बांका राज्य का सर्वाधिक गर्म स्थान रहा। वहां पर अधिकतम तापमान 42.8 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। पटना मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार पछुआ राज्य में अगले तीन दिनों तक कहर बरपायेगी। सुबह आठ बजे ही वातावरण में गर्मी काफी बढ़ जा रही है। सूर्यास्त के बाद भी हवा में गर्मी रह रही है। राजधानी में रविवार को अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। वहीं न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस रहा। लोगों को न घर में राहत मिल रही थी न ही बाहर। रविवार होने के कारण लोग घरों में दुबके रहे।

गर्मी से लोग बेहाल

प्रदेश में एक बार फिर से गर्मी से जनजीनव त्रस्त होने लगी है। मौसम विज्ञानी संजय कुमार का कहना है कि राजस्थान से आने वाली पछुआ हवाओं का प्रदेश में प्रभाव है। पश्चिम से आने वाली हवा जब राजस्थान के रेगिस्तान से गुजर रही है तो काफी गर्म हो जा रही है। यह देश के मैदानी भाग में कहर बरपा रही है। इस तरह की स्थिति आगे भी बनी रहने की उम्मीद है।

पानी की नहीं होने दे कमी

मौसम विज्ञानियों का कहना है कि लोग दोपहर 12 बजे से 3 बजे के बीच घर से बाहर नहीं निकलें तो बेहतर होगा। घर में भी सुरक्षित रहने की जरूरत है। लगातार पानी पीते रहें। शरीर में पानी की कमी न होने दें।