-राजधानी पटना के चंद्रगुप्त प्रबंधन संस्थान में कल से मिलेगा प्रशिक्षण

PATNA: सूबे के चालीस अधिकारियों को प्रशासकीय प्रबंधन की शिक्षा दी जाएगी। पटना स्थित चंद्रगुप्त प्रबंधन संस्थान में तीन दिसंबर से विधिवत उनकी पढ़ाई की शुरुआत होगी जो अगले वर्ष नवंबर महीने तक चलेगी। ग्यारह महीने के इस प्रशिक्षण में उन्हें प्रशासकीय कौशल के साथ-साथ प्रबंधन के गुर भी बताए जाएंगे। सामान्य प्रशासन विभाग ने प्रशिक्षण लेने वाले सभी अधिकारियों का चयन कर लिया है। इसमें वरीय अपर समाहर्ता से लेकर प्रशाखा पदाधिकारी तक शामिल हैं। सरकार के उपसचिव गुरफान अहमद ने पत्र लिखकर सभी विभागों के प्रमुखों एवं जिलाधिकारियों से संबंधित अफसरों को प्रशिक्षण के लिए विरमित करने का आग्रह किया है। प्रशिक्षण कार्यक्रम में शामिल होने वाले अधिकारियों को शुरू के तीन महीने तक सवैतनिक अवकाश दिया जाएगा। इस दौरान उन्हें चंद्रगुप्त संस्थान में रहना अनिवार्य होगा।

दक्षता हासिल करनी होगी

शेष आठ महीने की अवधि में उन्हें ड्यूटी पर रहकर प्रायोगिक ज्ञान एवं प्रबंधन की दक्षता हासिल करनी होगी। करीब दो महीने पहले सामान्य प्रशासन विभाग ने प्रबंधन कौशल सीखने के लिए इच्छुक सभी अधिकारियों से आवेदन मांगा था। इसके लिए बड़ी संख्या में अधिकारियों ने आवेदन किया था। प्रारंभिक प्रशिक्षण के लिए चालीस अधिकारियों का चयन किया गया। प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन प्रत्येक वर्ष किया जाना है। प्रशिक्षित अधिकारियों को बाद में उसी हिसाब से जरूरत के मुताबिक पोस्िटग दी जाएगी।