- एक्टिव केस की संख्या 924 हुई

- अररिया और सुपौल को हाई एलर्ट किया गया

PATNA :

कोरोना के बढ़ते प्रकोप को रोकने के सभी उपाय फेल होते दिख रहे हैं। तमाम सावधानियों के बाद भी रोज नए पॉजिटिव मिल रहे हैं। गुरुवार को प्रदेश में एक बार फिर 258 पॉजिटिव केस मिले हैं। इसके साथ ही राज्य में एक्टिव मामलों की संख्या 924 हो गई है। सरकार ने अररिया और सुपौल को हाई एलर्ट पर रखा है। दोनों जिलों के डीएम और सिविल सर्जनों को बढ़ते मामलों को देखते हुए जांच की संख्या बढ़ाने और कांटेक्ट ट्रेसिंग के निर्देश भी दिए गए हैं।

गुरुवार को राज्य में 52784 कोविड टेस्ट किए गए। जिसमें 258 रिपोर्ट पॉजिटिव पाई गई। पटना जिले से आज फिर 54 पॉजिटिव मिले हैं। पटना के बाद दूसरे पायदान पर अररिया है जहां से 50 पॉजिटिव केस सामने आए हैं। इनमें अधिकांश होली के मौके पर अन्य राज्यों से आने वाले यात्री हैं। इसके अलावा बेगूसराय से 23, रोहतास से 15, समस्तीपुर से 14, भागलपुर और जहानाबाद से 13-13, गोपालगंज से आठ और गया से सात पॉजिटिव मिले हैं।

स्वास्थ्य विभाग की रिपोर्ट के अनुसार इसके पहले बुधवार को प्रदेश से 177 पॉजिटिव मिले थे। यह संख्या निरंतर बढ़ती जा रही है। स्वास्थ्य विभाग ने कोरोना के नए खतरों को देखते हुए जहां राज्यव्यापी मास्क जांच का अभियान प्रारंभ किया है वहीं लोगों से कोरोना गाइड लाइन के नियमों के पालन की अपील भी लगातार की जा रही है। इधर अररिया-सुपौल को हाई अलर्ट पर लेकर अधिक जांच और कांटेक्ट ट्रेसिंग के निर्देश भी दिए गए हैं।

--

बॉक्स के लिए :

--

1.02 लाख को दी गई वैक्सीन की डोज

राज्य ब्यूरो, पटना : कोरोना के नए सिरे से बढ़ते संकट के बीच राज्य में इस महामारी से बचाव के लिए टीकाकरण अभियान लगातार चलाया जा रहा है। गुरुवार को राज्य में 1,02,192 लोगों का टीकाकरण किया गया।

स्वास्थ्य विभाग ने अपनी रिपोर्ट में जानकारी दी कि जिन्हें आज टीके की पहली डोज दी गई उनकी संख्या 96797 है। सिर्फ 60 से अधिक उम्र के 82,395 लोगों को वैक्सीन की पहली डोज दी गई। जबकि 45-59 आयु के बीमार लोग जिन्हें वैक्सीन की पहली डोज दी गई उनकी संख्या 11234 है। वैक्सीन की पहली डोज के साथ ही आज 5395 हेल्थ और फ्रंटलाइन वर्कर को वैक्सीन की दूसरी डोज भी दी गई।

बता दें कि प्रदेश में अब तक 2347397 लोगों का टीकाकरण किया जा चुका है। इनमें पहली डोज लेने वालों की संख्या 1932807 है।