-आज भी छाए रहेंगे आंशिक बादल, कल बूंदाबांदी के आसार

PATNA: हिमालय की तराई से आ रही ठंडी हवा के कारण राजधानी पटना और आसपास के इलाके में रविवार को तापमान में छह डिग्री सेल्सियस कमी दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार सोमवार को आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे, लेकिन तापमान में वृद्धि होगी। 26 और 27 फरवरी को कुछ जगहों पर बूंदाबांदी की संभावना जताई गई है।

रविवार को पटना का न्यूनतम तापमान 19.2 डिग्री से घटकर 12.8 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। अधिकतम तापमान गिरकर 26.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। गया का न्यूनतम तापमान 10.2 डिग्री और अधिकतम 26.9 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। भागलपुर का न्यूनतम तापमान 13.7 डिग्री और अधिकतम 28.6 डिग्री सेल्सियस रहा। पूर्णिया का न्यूनतम तापमान 14 डिग्री और अधिकतम 27.8 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। मौसम विभाग द्वारा जारी पूर्वानुमान के अनुसार सोमवार को पटना सहित प्रदेश भर के तापमान में औसत तीन डिग्री सेल्सियस तक वृद्धि होने की संभावना है। 26 और 27 फरवरी को चक्रवाती हवा के साथ कुछ जगहों पर बूंदाबांदी होने के आसार हैं।