-पूर्व मंत्री जय कुमार सिंह के आवास पर भोज में शामिल हुए नेता

PATNA: मकर संक्रांति पर हर वर्ष दही-चूड़ा भोज देने वाले जदयू के वरिष्ठ नेता बशिष्ठ नारायण सिंह इस साल मेहमान की भूमिका में दिखे। उनके पटना स्थित आवास पर भोज की औपचारिकता निभाई गई। मुलाकात करने आए लोगों को उन्होंने निराश नहीं किया। सबको दही, चूड़ा, तिलकुट खिलाया गया।

मुलाकाती थे अधिक

मुलाकाती अधिक थे। मगर खाने वालों की संख्या कम थी। क्योंकि मुलाकात करने वाले ज्यादा लोग यही सोच कर आए थे कि इसबार भोज नहीं है। बशिष्ठ नारायण सिंह दोपहर डेढ़ बजे पूर्व मंत्री जय कुमार सिंह के आवास पर पहुंचे। यहां भोज का भव्य आयोजन किया गया। इस भोज में दादा खास मेहमान थे। बड़ी संख्या में जदयू और दूसरे दलों के नेता-कार्यकर्ता पहुंचे थे।

सुशील मोदी भी रहे मौजूद

विधान परिषद के सभापति अवधेश नारायण सिंह, पूर्व उप मुख्यमंत्री एवं राज्यसभा सदस्य सुशील कुमार मोदी, मंत्री विजय कुमार चौधरी, अशोक चौधरी, पूर्व मंत्री संजय झा, जदयू के प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा, जदयू के मुख्य प्रवक्ता संजय कुमार सिंह, प्रवक्ता अजय आलोक, पूर्व मुख्य सचिव अंजनी कुमार सिंह, पूर्व डीजीपी गुप्तेश्वर पांडेय, विधायक अरुण सिन्हा, नीतिन नवीन, पूर्व विधायक मनजीत कुमार सिंह, बशिष्ठ सिंह, रणवीर नंदन, जदयू नेता शैलेंद्र प्रताप, ओम प्रकाश सेतु, विद्यानंद विकल, अरविंद कुमार सिंह ऊर्फ छोटू सिंह, विपीन कुमार सिंह सहित बड़ी संख्या में लोग इसमें शामिल हुए।

संक्रांति पर तेजप्रताप ने की घुड़सवारी

हमेशा चर्चा में रहने वाले तेजप्रताप यादव ने मकर संक्रांति के अवसर पर घुड़सवारी की। जबकि राजद अध्यक्ष लालू प्रसाद के आवास पर दही-चूड़ा का भोज हुआ, उनके निर्देश पर राजद के अन्य नेताओं ने गरीबों को भोज दिया। पटना में पूर्व एमएलसी आजाद गांधी और पटना सिटी में पार्टी के प्रदेश महासचिव विनोद यादव ने भोज दिया। आजाद गांधी के भोज में एजाज अहमद, प्रेम गुप्ता, राजेश कुमार यादव, कृष्णा ठाकुर, विनोद कुमार यादव, दिनेश पासवान, मो। हुदा, मनीष ठाकुर, संजय ठाकुर, छोटे खान आदि कई नेताओं ने शिरकत की। नेताओं ने किसानों के पक्ष में संघर्ष का संकल्प भी लिया।