-दुल्हन शादी के जोड़े में ही थाने पहुंची, मामला दर्ज होते ही जांच में जुटी पुलिस

PATNA: दानापुर में मंडे की देर रात एक शादी समारोह में उस समय अजीब स्थिति उत्पन्न हो गई जब दहेज के लिए वर पक्ष ने कन्या पक्ष की पिटाई कर दी। दुल्हन थाने पहुंची और बताया कि दहेज के लिए लड़के वालों ने मारपीट की है। अब मुझे शादी नहीं करनी है। बताया गया कि वधु पक्ष और वर पक्ष के साथ शेष दहेज के लिए जमकर मारपीट हुई। दुल्हन शादी के जोड़े में ही थाने पहुंच गई। मामला दर्ज होते ही पुलिस जांच में जुट गई है।

रश्म शुरू होते ही मांगने लगे दहेज

बताया गया नालंदा के सूरजपुर से विवाह के लिए कन्या पक्ष के लोग दानापुर के बीएस कॉलेज के नजदीक एक कम्युनिटी हॉल पहुंचे थे। लड़की वालों के अनुसार शादी की रश्म शुरू होते ही वर पक्ष के लोग दहेज के शेष रुपए की डिमांड करने लगे। इसे लेकर दोनों पक्षों की बीच विवाद बढ़ने लगा। किसी तरह शादी हुई, लेकिन मंगलवार की सुबह फिर दहेज की मांग होने लगी। और देखते ही देखते जमकर मारपीट हुई। बाद में दुल्हन शादी के जोड़े में ही थाने पहुंची और लड़के और उनके परिवार वालों पर केस दर्ज कराया। पुलिस जांच में जुटी है।