- दो लाख रुपए नकद व बुलेट के लिए दिया घटना को अंजाम, दो माह पूर्व ही हुई थी जूही की शादी

GOPALGANJ: भोजपुरी फिल्म अभिनेता और लोक गायक नागेंद्र उजाला की भांजी की ससुराल वालों ने दहेज के लिए जलाकर हत्या कर दी तथा साक्ष्य मिटाने को शव का अंतिम संस्कार कर दिया। मृत महिला की मां के बयान पर पति, सास और ससुर सहित पांच लोगों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने सास व ससुर को गिरफ्तार कर लिया है।

27 नवंबर 2020 को हुई थी शादी

भोजपुरी लोक गायक नागेंद्र उजाला की बहन आरती देवी की शादी विजयीपुर थाना के मठ महुअवा गांव के उमेश कुशवाहा के साथ हुई थी। उमेश कुशवाहा एक दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल होने के कारण दिव्यांग हो गए। नागेंद्र ने अपनी भांजी जूही कुशवाहा की शादी 27 नवंबर 2020 को भोरे थाने के भानपुर बनकटा गांव के कोमल भगत के पुत्र अभिषेक कुशवाहा के साथ कर दी। शादी के बाद से ही जूही को ससुराल वाले दहेज में दो लाख रुपये नकद और बुलेट के लिए बराबर प्रताडि़त कर रहे थे। मांग पूरी नहीं हुई तो संडे को जूही की उसके ससुराल के लोगों ने जलाकर हत्या कर दी तथा शव को जला दिया। घटना को लेकर जूही की मां आरती देवी के बयान पर थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है। इसमें अभिषेक कुशवाहा, रुकमनी देवी, कोमल भगत, रिश्तेदार एकता देवी और सोनी देवी को नामजद आरोपित किया गया है।