- दो दर्जन यात्री घायल, तीन गंभीर का डीएमसीएच में इलाज जारी

- सवार थे 55 पैसेंजर, मृतकों में एक समस्तीपुर का युवक, दूसरे की नहीं हुई पहचान

DARBHANGA: दरभंगा-समस्तीपुर मार्ग पर सैदनगर (जनकपुरी) के पास बुधवार की सुबह एक यात्री बस अनियंत्रित होकर गड्ढे में पलट गई। इसमें दो लोगों की मौत हो गई। जबकि, दो दर्जन यात्री जख्मी हो गए। इनमें तीन की हालत गंभीर है। बस पर 55 यात्री सवार थे। हादसे के बाद अफरातफरी मच गई। दुर्घटना के बाद चालक और उपचालक भाग निकले। भीड़ ने बस का शीशा तोड़कर यात्रियों को बाहर निकाला। कुछ यात्री स्वयं बाहर आ गए। आंशिक तौर पर चोटिल लोग गंतव्य की ओर रवाना हो गए। मृतकों में सड़क किनारे चाय- समोसे की दुकान चला रहे समस्तीपुर जिले के अंगारघाट थाना क्षेत्र के सुपौली निवासी जयकिशुन साह के पुत्र रतन कुमार साह और एक साइकिल सवार है। उसकी पहचान नहीं हो सकी थी।

पैसेंजर को पहुंचाया गया हॉस्पिटल

बताया गया कि लहेरियासराय स्टैंड से बस (बीआर06पीबी-8855) समस्तीपुर होते हुए बेगूसराय जाने के लिए खुली। सैदनगर के पास चालक ने वाहन पर नियंत्रण खो दिया। बस गड्ढे में पलट गई। पुलिस ने क्रेन मंगाकर बस को बाहर निकाला। इसके बाद दर्जनभर यात्रियों को विभिन्न अस्पतालों में पहुंचाया गया।