-अभी ठंड से राहत की उम्मीद नहीं, सुबह-शाम छाया रहेगा कोहरा

PATNA : राजधानी रविवार को दिनभर कोल्डे डे की चपेट में रहा। बर्फीली हवाओं के कारण सुबह से शाम तक लोग ठिठुरते रहे। सुबह में कोहरा भी छाया रहा। दिन में कुछ देर के लिए धूप जरूर निकली, मगर शाम होते ही ठंड काफी बढ़ गई। सूर्यास्त के बाद तापमान में अचानक सात डिग्री तक की गिरावट दर्ज की गई।

जारी रहेगा ठंड का कहर

मौसम विज्ञान केंद्र पटना के वैज्ञानिकों का कहना है कि अभी ठंड का कहर जारी रहेगा। अगले दो से तीन दिनों में देश के पश्चिमी भागों में बारिश होने की आशंका है, जिसका असर बिहार पर भी पड़ेगा।

राजधानी में रविवार को अधिकतम तापमान 15.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो शहर के सामान्य तापमान से सात डिग्री नीचे है। राजधानी में न्यूनतम तापमान 8.4 डिग्री सेल्सियस रहा। पटना के अलावा गया, भागलपुर व पूर्णिया में भी ठंड का सितम जारी रहा। इन शहरों का अधिकतम तापमान भी सामान्य तापमान में नीचे रिकॉर्ड किया गया।

छाया रहा कोहरा

राजधानी की हवा में आर्द्रता 95 फीसद रिकार्ड की गई। वातावरण में आगे भी नमी बने रहने की उम्मीद है। रविवार की सुबह लोगों की आंखें खुलीं तो वातावरण में कोहरा फैला हुआ था, मगर दिन चढ़ने के साथ-साथ कोहरा छंटता चला गया। दोपहर बाद हल्की धूप निकली तो लोगों ने थोड़ी राहत महसूस की। मगर शाम चार बजे के बाद फिर वातावरण कोहरे से भर गया और एक बार फिर ठंड बढ़ गई।

क्या है कोल्ड डे

मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि जब किसी शहर का अधिकतम तापमान सामान्य से पांच डिग्री सेल्सियस नीचे हो और न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से कम हो तो उसे कोल्ड डे की स्थिति माना जाता है।