- अब पूरे बिहार ऑरेंज अलर्ट जारी, बर्फीली हवा से बढ़ी ठंड

PATNA: पूरे बिहार में शीतलहर जारी है। अगले चौबीस घंटे तक यही स्थिति बनी रहेगी। उसके बाद राहत मिलने की उम्मीद है। पटना मौसम विज्ञान केंद्र ने मंडे को भी पूरे राज्य के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इसे पहले केवल 26 जिलों के लिए जारी किया गया था। ट्यूजडे को पूरे प्रदेश में भीषण शीतलहर चलेगी। न्यूनतम तापमान में और गिरावट आ सकती है। मंडे की सुबह से ही बर्फीली हवा तेज गति से बह रही थी। कोहरे ने परेशानी और बढ़ा दी। गया राज्य का सर्वाधिक ठंडा स्थान रहा। वहां का न्यूनतम तापमान 4.2 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया।

पारा गिरने से बढ़ी कनकनी

पटना में न्यूनतम तापमान 8.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं, अधिकतम तापमान 17.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया, जो सामान्य सात डिग्री नीचे है। बादल छाए होने से अधिकतम तापमान में गिरावट रही, जिससे कनकनी और बढ़ गई। राज्य की हवा में आर्द्रता 90 से 95 फीसद दर्ज की गई। पटना मौसम विज्ञान केंद्र के विज्ञानी संजय कुमार का कहना है कि अगले चौबीस घंटे तक भीषण शीतलहर रहेगी। पश्चिम से आने वाली बर्फीली हवा की गति में तेजी से पूरा उत्तर भारत कांप रहा है।