- 15 सितंबर तक 6.3 किमी लंबे दीघा-आर ब्लॉक सिक्स लेन सड़क का कार्य पूरा करने का लक्ष्य

patna@inext.co.in

PATNA :

आर ब्लॉक-दीघा सिक्स लेन सड़क पर हड़ताली चौक के पास पुल निर्माण में अब तेजी आएगी। बुधवार को बिहार राज्य पथ विकास निगम (बीएसआरडीसी) ने बेली रोड के मुख्य रास्ते को बंद कर दिया। मुख्य सड़क की दोनों तरफ साइड लेन को चालू कर दिया है। यातायात सुगम है।

बेली रोड के दोनों तरफ पुल का स्ट्रक्चर तैयार हो गया है। पुल की ढलाई कर निर्माण कार्य जारी है। 15 सितंबर तक इस ब्रिज को तैयार करने का लक्ष्य रखकर कार्य प्रारंभ हुआ है। बेली रोड की मुख्य सड़क के ऊपर पुल 50 मीटर लंबा होगा। बीच में कोई पाया नहीं रहेगा। जबकि उसके दोनों तरफ 25-25 मीटर का स्पैन है। यानी ब्रिज की लंबाई 100 मीटर लंबी होगी।

बेली रोड ब्रिज में केबल लगाने का कार्य प्रारंभ हो गया है। ब्रिज का कुछ लोड केबल पर होगा। ब्रिज बनने के बाद इसकी आकर्षक लाइ¨टग की योजना है। 15 सितंबर तक 6.3 किलोमीटर लंबी दीघा-आर ब्लॉक सिक्स लेन का कार्य पूरा करने का लक्ष्य है। बीएसआरडीसी के उप महाप्रबंधक रानेंद्र ने बताया कि बेलीरोड के ऊपरी भाग में पुल निर्माण तेजी से चल रहा है। सड़क की यातायात व्यवस्था में कोई व्यवधान नहीं होगा।

सजने लगा है दीघा-आर ब्लॉक सिक्स लेन

पटना आर ब्लॉक सिक्स लेन पर अब निर्माण के साथ सजावट का काम भी शुरू हो गया है। ट्रैफिक की स्थिति की जानकारी के लिए डिस्प्ले स्क्रीन लगाया जाने लगा है इस रोड पर परिवहन शुरू होने के साथ ही ट्रैफिक जाम की स्थिति के बारे में जानकारियां मिलने लगेंगी। इसके साथ हैं जो भी बीच का एरिया है उस में पौधारोपण भी किया जाने लगा है जिससे यह सड़क उद्घाटन के समय तक यह सुंदर भी दिखने लगे।

6 जगहों पर लगी है ट्रैफिक डिस्प्ले

आर ब्लॉक सिक्स लेन पर आर ब्लॉक से लेकर दीघा तक छह जगह पर वेरिएबल मैसेज साइन डिस्प्ले स्क्रीन लगाया गया है। इसके लिए आर ब्लॉक, हड़ताली मोड़, शिवपुरी, इंद्रपुरी, राजीव नगर फ्लाईओवर और दीघा साइट एरिया का चयन किया गया है।

सचिवालय में होगा ट्रैफिक कंट्रोल रूम

ट्रैफिक की स्थिति के बारे में डिस्प्ले पर सारी जानकारियां होंगी। इसका कंट्रोल रूम सचिवालय थाने में रहेगा। बता दें कि जुलाई में ही दीघा आर ब्लॉक सिक्स लेन को शुरू करने का निर्देश अधिकारियों द्वारा दिया गया है, लेकिन यह काम अभी पूरा होता नजर नहीं आ रहा।

आर ब्लॉक के पास होगा मिनी गार्डन

आर ब्लॉक सिक्स लेन की शुरुआत में आर ब्लॉक के पास मिनी गार्डन की तैयारी हो रही है। इसके लिए न सिर्फ जगह बनाई गई है बल्कि मिनी पार्कनुमा बैरिकेडिंग भी की गई है। सड़क पर गार्डन के सुंदर नजारे भी नजर आएंगे। बीच सड़क में भी कई जगह छोड़ी गई है जहां ग्रीन जोन तैयार किया जाएगा।