पटना (ब्यूरो)। सरकारी सेवकों के महंगाई भत्ते में सरकार ने तीन प्रतिशत की वृद्धि कर दी है। राज्य कर्मियों को अबतक 31 प्रतिशत महंगाई भत्ता प्राप्त हो रहा था। वृद्धि के बाद 34 प्रतिशत महंगाई भत्ता प्राप्त होगा। मंडे को सीएम नीतीश कुमार की अध्यक्षता में हुई राज्य मंत्रिमंडल की बैठक में महंगाई भत्ते में वृद्धि के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई। बैठक में कुल 14 प्रस्ताव स्वीकृत किए गए।

एक जनवरी से महंगाई भत्ते का लाभ
मंत्रिमंडल की बैठक के बाद कैबिनेट के अपर मुख्य सचिव संजय कुमार ने बताया कि राज्य कर्मियों को बढ़ा हुआ महंगाई भत्ता एक जनवरी 2022 से प्राप्त होगा। सरकार के इस फैसले से चार लाख से अधिक कर्मचारी और साढ़े तीन लाख पेंंशनभोगियों को लाभ मिलेगा। इस प्रस्ताव के स्वीकृत होने के बाद सरकार पर वार्षिक 1133 करोड़ रुपए का अतिरिक्त बोझ बढ़ेगा।

लिस्ट में आठ नए रोग शामिल
मंत्रिमंडल ने राज्य के अफसरों और कर्मचारियों की चिकित्सा प्रतिपूर्ति के अनुमान्य रोगों में आठ नए रोगों को शामिल किया है। सूची में जो नई बीमारियां शामिल की गई हैं उनमें रूमेठी (गठिया), क्रोनिक डिजीज, अतिगलग्रंथिता, सोरायसिस, लाइकेन प्लानस, मस्तिक पक्षाघात, पार्किंसन रोग और पेल्विक इंफ्लमेट्री डिजीज हैैं।

कश्मीर फाइल्स टैक्स फ्री
संजय कुमार ने बताया कि सीएम की रजामंदी के बाद 16 मार्च, 2022 से राज्य में फिल्म कश्मीर फाइल्स को टैक्स फ्री किया गया था। इस प्रस्ताव को सोमवार को मंत्रिमंडल ने भी स्वीकृत कर दिया है।

आकस्मिकता राशि 9500 करोड़ हुई
मंत्रिमंडल ने वित्त विभाग के प्रस्ताव के बाद बिहार आकस्मिकता निधि जो 350 करोड़ थी, उसे 23 मार्च 2023 तक के लिए अस्थायी रूप से बढ़ाकर 9500 करोड़ रुपये करने की मंजूरी दे दी है।

खरीदे जाएंगे 73 नए अग्निशमन वाहन
गृह विभाग के प्रस्ताव पर मंत्रिमंडल ने बिहार अग्निशाम सेवा के खराब हो चुके 107 वाहनों के स्थान पर 73 नए वाहन खरीदने की मंजूरी दी है। वाहन खरीद के लिए 43.80 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत की गई है। यह राशि कुल बजट का चार प्रतिशत तक हो सकती है।

मुंबई में निवेश आयुक्त का कार्यालय, 3.82 करोड़ स्वीकृत
मंत्रिमंडल ने मुंबई में निवेश आयुक्त का कार्यालय स्थापित करने का प्र्रस्ताव स्वीकृत किया है। कार्यालय की स्थापना एवं एक अप्रैल 2022 के प्रभाव से इसके संचालन के लिए 3.82 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं।