क्कन्ञ्जहृन्: भारतीय प्रशासनिक सेवा के 1984 बैच के अधिकारी दीपक कुमार को बिहार का नया मुख्य सचिव बनाया गया है। वहीं 1985 बैच के भारतीय प्रशासनिक सेवा के अधिकारी शशि शेखर शर्मा को विकास आयुक्त पद की जिम्मेदारी दी गई है। सामान्य प्रशासन विभाग ने मंगलवार को इस आशय की अधिसूचना जारी की। मुख्य सचिव व विकास आयुक्त पद के लिए जारी नई अधिसूचना 31 मई से प्रभावी होगी। इसके अतिरिक्त भारतीय प्रशासनिक सेवा के सात अन्य अफसरों को स्थानांतरित कर दिया है। मगध, दरभंगा व पूर्णिया प्रमंडल के आयुक्त बदले गए हैं।

रह चुके हैं सीएम के प्रधान सचिव

वर्तमान मुख्य सचिव अंजनी कुमार सिंह 31 मई को रिटायर हो रहे हैं। वह तीन महीनों के अवधि विस्तार पर चल रहे थे। नए मुख्य सचिव के रूप में अधिसूचित दीपक कुमार वर्तमान में विकास आयुक्त के रूप में पदस्थापित हैं। उनके पास निगरानी विभाग के प्रधान सचिव का अतिरिक्त प्रभार भी है। विकास आयुक्त के रूप में पदस्थापित होने के पूर्व वह दिल्ली में एनएचएआइ के चेयरमैन के रूप में पदस्थापित थे। बिहार में वह स्वास्थ्य महकमे के प्रधान सचिव व मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव के रूप में भी काम कर चुके हैं।