-भागलपुर की घटना, पति गिरफ्तार, अन्य आरोपितों की पुलिस कर रही तलाश

BHAGALPUR: भागलपुर के मोजाहिदपुर में दिल दहलाने वाली वाली वारदात हुई है। यहां पति जुए में पहले पत्नी को हार गया। फिर पति के इशारे पर पांच-छह लोगों ने दुष्कर्म किया। विरोध करने पर पति ने तेजाब भी उड़ेल दिया। महिला का आरोप है कि नाजुक अंग में भी तेजाब डाला गया। मामला दो नवंबर का ही है। संडे देर रात महिला के बयान पर महिला थाने में मामला दर्ज किया गया। महिला की चिकित्सकीय जांच भी कराई गई। सोमवार को महिला को न्यायालय में प्रस्तुत किया जाएगा। बताया गया कि पीडि़ता की शादी को दस साल हो गए, लेकिन वह मां नहीं बन पाई। इस कारण पति प्रताडि़त करता था। इसी कारण जुए में पति ने दांव पर लगा दिया। एसएसपी आशीष भारती ने बताया कि संडे की देर रात आरोपित पति को गिरफ्तार कर लिया गया है।

जान बचाकर भागी पीडि़ता

पीडि़ता ने बताया कि किसी तरह जान बचाकर घायल अवस्था में ही लोदीपुर स्थित मायके पहुंची। स्वजनों ने गंभीर हालत में उसे अस्पताल में भर्ती कराया। जब हालत ठीक हुई तो सैटरडे रात को वह बीजेपी नेता दीपक सिंह के पास पहुंची। महिला की आपबीती सुनने के बाद उन्होंने तत्काल इसकी जानकारी एसएसपी आशीष भारती और मोजाहिदपुर थाने को दी।

पति ने अंजाम भुगतने की दी थी धमकी

पीडि़त महिला ने बताया कि पति ने घटना के बारे में किसी को जानकारी देने पर अंजाम भुगतने की धमकी दी थी। डर से अस्पताल में आग से झुलसने की बात कही थी। सैटरडे को जब पति ने दोबारा मायके में पहुंचकर मारपीट की, तब महिला ने आवाज उठाने का निर्णय लिया तथा पुलिस को वाट्सएप पर सूचना दी। मोजाहिदपुर और महिला थाने की पुलिस मामले की जांच कर रही है।

संडे देर रात महिला के बयान पर महिला थाना में मामला दर्ज कर लिया गया है। पीडि़त महिला के पति को गिरफ्तार कर अन्य आरोपितों की तलाश की जा रही है।

-आशीष भारती, एसएसपी, भागलपुर