पटना (ब्यूरो)। बिहार दौरे के दौरान वाल्मीकिनगर के बाद दूसरी सभा पटना में स्वामी सहजानंद सरस्वती की जयंती पर आयोजित किसान-मजदूर समागम को संबोधित करते हुए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बिहार में राजद और जदयू के गठबंधन को लेकर दोनों दलों के प्रमुख नेताओं को निशाने पर लिया। शाह ने इस गठबंधन को अपवित्र बताते हुए कहा कि पहले नीतीश विकासवादी थे, लेकिन अब अवसरवादी बन गए हैं। ऐसे में यह तय है कि विकास का पैसा अब जंगलराज में जाएगा।

नीतीश के लिए बीजेपी के दरवाजे बंद
गांधी मैदान के पास बापू सभागार में आयोजित समागम में शाह ने कहा कि भाजपा को दूसरी बार नीतीश ने धोखा दे दिया है। अब हम उन्हें एनडीए के अंदर लेंगे ही नहीं। आने ही नहीं देंगे। नीतीश के लिए भाजपा के सारे दरवाजे बंद हैं। अब जब लालू के दरवाजे से नीतीश को धोखा मिलेगा, तब उन्हें मालूम पड़ेगा कि विश्वासघात क्या होता है? मैंने तो अपने जीवन में इतनी बार दलबदल करने वाला व्यक्ति नहीं देखा।

सपना सिर्फ मोदी पूरा कर सकते हैं
शाह ने कहा कि स्वामी सहजानंद सरस्वती और किसानों ने जो सपना देखा था, उसे सिर्फ और सिर्फ देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ही पूरा कर सकते हैं। स्वामीजी ने बतौर किसान नेता जमींदारी प्रथा का विरोध किया, जाति-धर्म-संप्रदाय से ऊपर उठकर देश भर के किसानों को एकत्रित किया। बिहार को अपनी कर्मभूमि बनाकर अंग्रेजों के खिलाफ लड़ाई लड़ी। आज उसी बिहार में जंगलराज आ गया है। नीतीश बाबू ने उस वक्त जनता दल छोड़ा था, क्योंकि उन्हें लालूजी की जातिवादी राजनीति और भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ाई लडऩी थी। वही नीतीश बाबू आज फिर से प्रधानमंत्री बनने का सपना देखते हुए लालू की गोद में जाकर बैठ गए हैं। अमित शाह ने लालू परिवार पर हमला बोलते हुए कहा कि लालू जी के बेटे बता रहे थे कि बिहार में यूरिया कम आ रही है, जबकि भारत सरकार ने डेढ़ गुना ज्यादा यूरिया भेजी है। नीतीश और लालू के राज के अंदर यूरिया की कालाबाजारी हो रही है, इसलिए किसानों को यूरिया नहीं मिल रही है।

चारा चोर के साथ हो गए नीतीश
भाजपा नेता ने कहा कि हमारे प्रधानमंत्री कहते हैं कि बिहार के अंदर पानी है, भूमि है, मेहनतकश किसान हैं। बिहार में अगर ढंग से व्यवस्था हो जाए तो पूरे भारत में सबसे ज्यादा दूध उत्पादन हो सकता है। आप मुझे बताइए ऐसा विचार नीतीश जी कैसे करेंगे ? दूध उत्पादन के लिए पशु चाहिए, पशु रखोगे तो चारा चाहिए, चारा चोर के साथ राज्य का मुख्यमंत्री बैठ गया हो तो क्या किसानों का कभी भला हो सकता है ? शाह ने कहा कि डेयरी के लिए सबसे उपयुक्त जगह बिहार है, लेकिन हो क्या रहा है। अमित शाह ने किसानों से कहा कि आपसब ङ्क्षचता मत करो। अब यहां चारा की चोरी नहीं होने वाली है, क्योंकि 2025 में यहां पूर्ण बहुमत की भाजपा की सरकार बनने वाली है। मैं अपील करने आया हूं कि बिहार में एक बार भाजपा की सरकार बना दीजिए। बिहार को हम देश का समृद्ध राज्य बना देंगे। इसके पहले कार्यक्रम के संयोजक सांसद विवेक ठाकुर, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डा। संजय जायसवाल, केंद्रीय मंत्री गिरिराज ङ्क्षसह, भाजपा विधानमंडल दल के नेता विजय सिन्हा और पूर्व उप मुख्यमंत्री सुशील मोदी ने संबोधित किया।