पटना ब्‍यूरो। लगातार गर्मी बढ़ने के कारण लोगों की दिनचर्या दबल गयी है। खाने—पीने से लेकर पहनावे तक में बदलाव देखा जा रहा है। दिन में चिलचिलाती धूप और गर्म हवाएं लोगों के लिए मुश्किलें खड़ी कर दे रही है। खासकर इससे स्कूल—कॉलेज में पढ़ने वाले बच्चों और स्टूडेंटस को ज्यादा परेशानी हो रही है। वहीं जरूरी काम से निकलने वाले लोग, महिलाएं और युवतियां धूप से बचने के लिए गमछा, छाता, चश्मा आदि का उपयोग कर रही है। गले को तर करने के लिए लोग शरबत, जूस व अन्य पेय पदाथों का प्रयोग कर रहे हैं।

10 दिनों में शहर का तापमान बढ़ा
पटना में गर्मी का सितम बढ़ता जा रहा है। गुरुवार को पटना का पारा 38 डिग्री दर्ज किया गया है। यह सामान्य से दो डिग्री अधिक है। न्यूनतम तापमान भी 24 डिग्री सेल्सियस रहा है। वहीं भारतीय मौसम विभाग से प्राप्त आंकड़ों के मुताबिक पटना में तेजी से गर्मी बढ़ेगी। गर्म हवा और तेज धूप के कारण जनजीवन प्रभावित हुआ है.रविवार को पटना का तापमान 40 डिग्री के पार होने की संभावना है। प्राप्त आंकड़ों के मुताबिक शुक्रवार को 38 तो शनिवार को 39 डिग्री तापमान होने की पूरी संभावना है। वहीं न्यूनतम तापमान में भी 2 डिग्री सेल्सियस बढ़ोतरी होगी।

देसी पेय संग फल व जूस की बढ़ी डिमांड
जैसे—जैसे गर्मी बढ़ रही है। शहर में सत्तू, कोल्ड ड्रिंक्स, मैंगो शेक, लस्सी, नारियल पानी, नेचुरल ड्रिंक्स आदि की डिमांड बढ़ती जा रही है। पटना के प्रमुख लस्सर विक्रेताओं की मानें तो यहां एक दिन में करीब आठ से दस हजार गिलास लस्सी बिक रही है। वहीं सुधा डेयरी की लस्सी लगभग हर दिन दो लाख पैकेट से अधिक की बिक्री हो रही है। सुधा डेयरी के प्रबंध निदेशक ने बताया कि पटना में मांग इतनी है कि इसकी सप्लाई के लिए बरौनी, आरा व मुजफ्फरपुर के प्लांट से पूरी करनी पड़ रही है। यह डिमांड ओर भी अधिक बढ़ने की संभावाना है।

600 करोड़ का कोल्ड ड्रिंक्स का कारोबार
पटना और आसपास के इलाके में गर्मी के मौसम में कोल्ड ड्रिंक्स का कारोबार लगभग 600 करोड़ का होता है। कोका—कोला कारोबार से जुड़े संजय यादव ने बताया कि पटना में हर दिन 30—35 ट्रक कोल्ड ड्रिंक्स की सप्लाई होती है। इसके अलावा पेप्सी कंपनी का भी कोल्ड ड्रिंक्स का उत्पाद बाजार में उपलब्ध है।

60 —70 में बिक रहा नारियल पानी
शहर में प्रतिदिन हजारों नारियल पानी की बिक्री होती है। इस वक्त एक नारियल पानी की कीमत 60—70 रुपये तक हैं। पिछले कुछ सालों में लोग अपनी इम्युनिटी बूस्ट करने को लेकर सजग हुए है। इम्युनिटी बुस्ट के लिए लोग नारियल पानी को ज्यादा पसंद कर रहे हैं। एंटीऑक्सीडेंट, अमीनों एसिड, एंजाइम्स, बी कॉम्प्लेक्स, विटामिन—सी मौजूद होते हैं। साथ ही गमर्ह में होने वाली डी हाइड्रेशन की समस्या से भी बचाती है।