- वन विभाग के रेंजर को दी गई सूचना

BEGUSARAI: खोदावंदपुर प्रखंड के बाड़ा गांव के समीप बूढी गंडक के कंकडी घाट पर मछुआरे की जाल में फंसे विलुप्तप्राय डाल्फिन की मौत हो गई। मिली जानकारी के अनुसार मछुआरे ने जाल में बड़ी मछली फंसने की बात समझ कर जाल खींचा तो डाल्फिन को देख कर लोग दंग रह गए। खबर फैलते ही स्थानीय लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी और लोग-बाग इस वाकये को अपने मोबाइल कैमरे में कैद कर वायरल करने लगे। डाल्फिन की मौत की जानकारी स्थानीय वन विभाग के रेंजर उमाशंकर राय को दी गई है।

लुप्तप्राय जलीय जीव की श्रेणी में है डॉलफिन

स्थानीय लोगों ने बताया कि वन विभाग के रेंजर ने इस बाबत कहा है कि ¨जदा रहने पर टीम उसे दुबारा पानी में छोड़ने को काम करती, लेकिन अब जब डाल्फिन की मौत हो चुकी है तो स्थानीय स्तर पर निपटारा किया जाएगा। गंगा डाल्फिन यूपी, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, झारखंड, पश्चिम बंगाल राज्यों में पाई जाती है। भारत सरकार द्वारा इसे राष्ट्रीय जलीय जीव घोषित किया गया है। अंतरराष्ट्रीय प्रकृति संरक्षण संघ ने इसे लुप्तप्राय जलीय जीव की श्रेणी में रखा है।