- मंगुराहा वन क्षेत्र और सोफा मंदिर भ्रमण करने के बाद सीएम की घोषणा

PATNA: पश्चिम चंपारण के ऐतिहासिक स्थलों और धरोहरों को इको पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा। चंपारण में ऐसे कई महत्वपूर्ण स्थान हैं, जहां पर्यटन की काफी संभावनाएं है। शनिवार को मंगुराहा वन क्षेत्र और सोफा मंदिर भ्रमण करने के बाद सीएम नीतीश कुमार ने यह घोषणा की। सीएम ने कहा कि गौनाहा के थरुहट एरिया से लेकर वाल्मीकिनगर के जंगलों में फैले इन स्थलों के विकास की रूपरेखा बनाई गई है। यह भी ध्यान रखा जा रहा है कि पर्यावरण को कोई हानि न हो। पुरातत्व और जल संसाधन विभाग को वन विभाग के साथ मिलकर काम करने को कहा गया है। उन्होंने कहा कि चार वर्ष पहले भी यहां आया था। उसके बाद ही इस क्षेत्र में काम शुरू हुआ।

इको टूरिज्म को बढ़ावा देना जरूरी

दो दिवसीय दौरे पर शनिवार को पश्चिम चंपारण पहुंचे सीएम ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि प्राकृतिक संसाधनों के बेहतरीन उपयोग के लिए बिहार सरकार गंभीर हैं। इको पर्यटन के नजरिए से यह एरिया बिहार में सबसे उपयुक्त है। यह प्रदेश के प्रमुख सुंदर स्थलों में से एक है। इसलिए यहां इको टूरिज्म को बढ़ावा देना जरूरी है। इस यात्रा का उद्देश्य भी यही है। सीएम गौनाहा (मंगुरहा) वनक्षेत्र में भ्रमण के बाद सोफा मंदिर पहुंचे। यहां पूजा-अर्चना के बाद पुजारी से बात की। चहारदीवारी निर्माण जल्द किया जाए। इसे बचाने की ठोस पहल हो।