पटना (ब्यूरो)। त्योहार खत्म होने के बाद राजधानी में आपराधिक वारदात बढ़ गई हैं। दिवाली-छठ को लेकर पुलिस की ओर से शहर में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई थी। लेकिन छठ पर्व खत्म होते ही पुलिस स्लीपिंग मोड में चली गई। इसका फायदा अपराधी उठाने लगे।
छठ के बाद शहर में लूट और चोरी की वारदात में भारी इजाफा हुआ। अपराधियों ने लूट की कई वारदात को अंजाम दिया। इसके बावजूद पुलिस अपराधियों तक नहीं पहुंची। वह केवल जांच करने में ही फंस कर रह गई।

कहीं लूट तो कहीं एटीएम काटा
छठ पूजा के बाद शहर में अपराध का ग्राफ अचानक बढऩे लगा। अपराधियों ने एक के बाद एक कई वारदात को अंजाम दिया। पाटलिपुत्र थाना क्षेत्र में अटल पथ पर 41 लाख रुपए की सरेआम लूट, पत्रकार नगर थाना क्षेत्र में एटीएम लूट, दानापुर में जबरदस्त बम विस्फोट, मालसलामी थाना क्षेत्र में व्यापारी से 15 लाख की लूट की वारदात हुई।

जांच में फंसी रही पुलिस
हाल के दिनों में हुई वारदात का खुलासा करने में पुलिस को सफलता नहीं मिली है। वह जांच करने में ही फंसी रही। किसी भी केस का खुलासा नहीं कर पाई। केस का खुलासा करने के लिए एसआईटी का भी गठन किया जाता है। इसके बावजूद अपराधी जल्द नहीं पकड़े जाते हैं। अटल पथ पर हुई 41 लाख रुपए की लूट मामले में भी यही हाल है। पुलिस को अब तक सुराग नहीं मिल पाया है। वह संदिग्धों से पूछताछ और जांच करने तक ही सीमित है।

पेट्रोलिंग पर सवाल
पुलिस शहर की सुरक्षा पुख्ता होने का दावा करती है। इसके बावजूद अपराधी वारदात को अंजाम देकर आसानी से फरार हो जाते हैं। इसे लेकर लोग पुलिस की पेट्रोलिंग पर सवाल उठाने लगे हैं। लोगों का कहना है कि यदि पुलिस मुस्तैदी से पेट्रोलिंग करे तो वारदात में कमी आ सकती है। लोगों ने पुलिस की कार्य प्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि दिन में पुलिस की पेट्रोलिंग गाड़ी शायद ही नजर आती है। इसी का फायदा उठाते हुए अपराधी दिनदहाड़े वारदात को अंजाम देकर फरार हो जाते हैं।


कृष्ण पक्ष में ज्यादा वारदात
बिहार पुलिस के पूर्व डीजीपी सुरेश कुमार भारद्वाज ने बताया कि छठ पूजा के बाद अमावस की रात नजदीक होने लगती है। इसलिए क्राइम की घटनाएं बढऩे लगती है। चंद्र तिथि में बदलाव के अनुसार पहले पुलिस अपराध के ग्राफ को तैयार करती थी। यह नियमावली में शामिल है। दूसरी बात छठ पूजा की महत्ता को लेकर भी है। अपराधी अपराध करने से पहले डरते हैं। यह भी है कि इस दौरान पुलिसिंग भी दुरूस्त रहती है। हालांकि बदलते दौर में क्राइम करने का तरीका बदल चुका है।

हाल के दिनों में अपराध की बड़ी वारदात
13 नवंबर- पत्रकार नगर में एटीएम लूटने की कोशिश
14 नवंबर - सुल्तानगंज थाना क्षेत्र में देर रात युवक की हत्या
14 नवंबर - मालसलामी थाना क्षेत्र में जड़ी बूटी के व्यापारी से 15 लाख की लूट
14 नवंबर - दानापुर में ब्लास्ट
15 नवंबर - अटल पथ पर 41 लाख रूपये की लूट
18 नवंबर - अगमकुआं में ज्वेलरी शॉप में लूट
19 नवंबर - दीघा थाना क्षेत्र के बालू पर इलाके में नोट तस्कर गिरफ्तार