-झमाझम बारिश से चढ़ा राजधानी का पारा

PATNA

: पटना में मौसम ने एक बार फिर पलटी मारी है। बुधवार रात को हुई बारिश से राजधानी का पारा चढ़ गया। बिहार में सबसे अधिक 15 एमएम बारिश पटना में हुई। मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार को पूरे बिहार में घने कोहरे और तापमान में गिरावट होने की संभावना है।

गुरुवार को पटना सहित प्रदेशभर का तापमान सामान्य से पांच डिग्री सेल्सियस तक ऊपर पहुंच गया। पटना का न्यूनतम तापमान 14.3 डिग्री और अधिकतम 20.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सामान्यत: न्यूनतम तापमान 8.8 डिग्री सेल्सियस होना चाहिए था। गया का न्यूनतम तापमान 15.1 डिग्री और अधिकतम 20.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। यहां न्यूनतम तापमान 8.5 डिग्री सेल्सियस होना चाहिए था। भागलपुर का न्यूनतम तापमान 13.6 डिग्री और अधिकतम 21.6 डिग्री सेल्सियस रहा। पूर्णिया का न्यूनतम तापमान 13.7 डिग्री और अधिकतम 22.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार को प्रदेश में घना कोहरा छाया रहेगा। आंशिक बादल के कारण तापमान में दो डिग्री सेल्सियस तक गिरावट की संभावना है। 11 जनवरी को ठंड में और वृद्धि हो सकती है।