पिछले वर्ष नवंबर से ही चौकी पर लटका है ताला

PATNA: पुलिस महकमे को आलमगंज थाना के गायघाट इलाके के लोगों की सुरक्षा की चिंता नहीं है। इलाके में आपराधिक घटनाओं को देाते हुए गायघाट में पुलिस चौकी स्थापित की गई थी ताकि लोगों का अमन चैन बना रहे। वर्तमान में स्थिति यह है कि इस पुलिस चौकी में पिछले तीन माह से किसी पुलिसकर्मी की प्रतिनियुक्ति नहीं की गई है। इस वजह से चौकी में ताला लटका हुआ है। यहां के लोग असुरक्षित महसूस कर रहे है। लोगों ने बताया कि रात में वाहन के इंतजार में लोग खडे़ रहते हैं। पुलिस चौकी में ताला लगने से छिनतई का डर लोगों में बना रहता है।

वर्ष 2011 में खुली थी चौकी

आलमगंज थानाध्यक्ष ओमप्रकाश ने बताया कि थाना द्वारा गायघाट में चौकसी बरती जाती है। पीपा पुल बनने के बाद गायघाट में वाहनों का दबाव काफी बढ़ गया है। गायघाट पुलिस चौकी के समीप टेंपो स्टैंड होने से यात्रियों का जमावड़ा लगा रहता है। गांधी मैदान से आने वाले टेंपो तथा अन्य बड़े वाहनों के कारण गायघाट में जाम लग जाता है।

स्थानीय नागरिकों का कहना है कि पुलिस चौकी में पुलिसकर्मियों के रहने पर 24 घंटे राहगीरों तथा उत्तर बिहार से पटना आने वाले यात्रियों की सुरक्षा रहती थी। रात में पुल के नीचे सन्नाटा पसरा रहता है। पुलिस के रहने से गायघाट के आसपास रहने वाले लोग खुद को सुरक्षित मानते थे। लोग बताते हैं कि कई बार घटना होने पर चौकी में तैनात पुलिसकर्मियों ने त्वरित कार्रवाई कर मामले को संभाला है। वर्ष 2011 में गायघाट पुलिस चौकी का निर्माण किया गया था। वहां एक हवलदार तथा चार पुलिसकर्मी तैनात रहते थे। स्थानीय लोगों ने बताया कि नवंबर से गायघाट पुलिस चौकी में ताला लटका है। पुलिसकर्मी नदारद है।