-350वें प्रकाश पर्व के शुकराना समारोह और 351वें प्रकाश पर्व का आगाज

-सीएम नीतीश बोले, बिहार में गुरु सर्किट का कर रहे विकास

क्कन्ञ्जहृन्: बाइपास टेंट सिटी में बने दरबार हॉल में शनिवार को गुरुगोविंद सिंह महाराज के 350वें प्रकाश पर्व के शुकराना के साथ ही 351वें प्रकाश पर्व का आगाज हुआ। सीएम नीतीश कुमार ने कहा कि गुरु की कृपा होगी तो बिहार और स्पीड से विकास करेगा। सीएम ने कहा कि बिहार में गुरु सर्किट विकसित करने पर काम कर रहे हैं। तख्त हरमंदिर साहिब के साथ-साथ गुरु का बाग, हांडी साहिब, बाल लीला, गायघाट गुरुद्वारा, राजगीर, गया, नवादा, आरा और सासाराम में गुरु सर्किट के तहत विकास किया जाएगा। गुरु का बाग के पास बहुउद्देशीय केंद्र बनेगा जहां दशमेश गुरु के जीवन से जुड़ी पूरी जानकारी होगी। प्रकाश उद्यान भी बन रहा है। सीएम ने दोनों प्रोजेक्ट का शिलान्यास भी किया।

गरीब राज्य है बिहार

सीएम नीतीश कुमार ने कहा कि बिहार में विकास के साथ-साथ सामाजिक अभियान भी चल रहा है। शराबबंदी, बाल विवाह और दहेज प्रथा निषेध अभियान चल रहा है। सीएम ने सिख संगतों से कहा कि आपसे यह आशीर्वाद मांगता हूं कि ये सामाजिक अभियान मजबूती से चले। आप शुभकामना दें। उन्होंने कहा कि बिहार गरीब राज्य है। अगर श्रद्धालुओं की सेवा में किसी तरह की त्रुटि रह गयी है तो माफ कर देंगे। इस पर संगतों ने बोले सो निहाल-सतश्री अकाल का घोष कर सीएम का स्वागत किया।

यह गुरु की कृपा है

सीएम नीतीश ने कहा कि इसे अपना सौभाग्य मानता हूं कि हमें 350वें प्रकाश पर्व के आयोजन का अवसर मिला। इसे गुरु की कृपा मानता हूं। गुरुगोविंद सिंह महाराज संत सिपाही थे। उन्होंने अपने पूरे परिवार का दान कर दिया। यह मामूली बात नहीं है। मात्र 42 वर्ष की कम उम्र में उन्होंने जितने महान कार्य किए वह चमत्कार है। सीएम ने कहा देश के विकास में सिख समाज का योगदान अतुलनीय है। सिर्फ 2 परसेंट संख्या है सिख समाज की और सेना में 20 परसेंट सिख हैं। हरित क्रांति में सिखों का योगदान रहा है। साथ ही खेल, संस्कृति और राजनीति में भी उल्लेखनीय योगदान रहा है।

जयकारे से गुंजा शहर

तख्तश्री से शनिवार की अल सुबह बड़ी प्रभातफेरी निकली। यह हाजीगंज, पूरब दरवाजा से होते हुए पटना साहिब स्टेशन पहुंची। प्रभातफेरी में शामिल हाथी, ऊंट, बैंड बाजा, कीर्तनी जत्था से इलाका गुंज रहा था। मिलिट्री बैंड अलग छटा बिखेर रहा था। इसके बाद प्रभातफेरी चौकशिकारपुर आरओबी, गुरु गोविंद पथ पहुंची। मंगल तालाब के पास गुरुद्वारा बाललीला के बाबा कश्मीर सिंह भूरिवाले, बाबा सुखविंदर सिंह, बाबा गुरविंदर सिंह, राजा सिंह, अजय सिंह ने स्वागत किया। पंच प्यारों को माला पहनाकर स्वागत किया गया।

तख्तश्री से नगर कीर्तन आज

दशमेश पिता के 351वें प्रकाश पर्व को लेकर तख्तश्री पटना साहिब में अखंड पाठ रखा गया। वहीं संडे को गुरुद्वारा गायघाट में अखंड पाठ की समाप्ति के बाद कथा, कीर्तन और प्रवचन के बाद विशेष अरदास होगा। इसके बाद नगर कीर्तन निकाला जाएगा। इसे लेकर गायघाट से हाजीगंज के बीच वाहनों का परिचालन सुबह से रात तक बाधित रहेगा।

कीर्तन मुकाबला में मारी बाजी

स्व गुरवचन सिंह की याद में गुरवाणी और कीर्तन मुकाबला तख्तश्री में हुई। जसपाल सिंह 40 वर्ष से यह सेवा दे रहे हैं। विजयी यशप्रीत कौर, सिमरजीत सिंह, सोनिया सलूजा, प्रभजीत सिह, गुरसिमरन सिंह, संजना, प्रिया प्राकृति समेत 40 लोगों को मोमेंटो व मेडल देकर सम्मानित किया गया।

संगतों की सेवा में जुटे लोग

अखिल भारतीय मारवाड़ी महिला सम्मेलन की अध्यक्ष इंदु अग्रवाल के नेतृत्व में चिकित्सा और पानी सुविधा का उद्घाटन मेयर सीता साहू और पार्षद तरुणा राय ने किया। वहीं प्रदेश मारवाड़ी युवा मंच द्वारा सिटी चौक पर कैंप का इनॉगरेशन पथ निर्माण मंत्री नंदकिशोर यादव और शशिशेखर रस्तोगी ने किया।