पटना ब्‍यूरो।

गोपालपुर मठ के रहने वाले विकास कुमार उर्फ विकास यादव को पुलिस ने उनके गांव से देर रात ही हिरासत में लिया था। घटना में उसके शामिल होने के सत्यापन के बाद पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी की पुष्टि कर दी है। विकास गोपालपुर मठ के उमेश प्रसाद का पुत्र है।

9 नामजद और 40 अज्ञात पर केस दर्ज


रामकृपाल यादव पर फायरिंग मामले में 9 नामजद आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कराया गया है। वहीं 35 से 40 अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कराया गया है। नामजद आरोपियों में अखिलेश यादव, सूरज यादव, बिट्टू यादव, विकास यादव, गौतम यादव, आदित्य यादव, सत्येंद्र यादव, सागर यादव, सौंटी यादव शामिल हैं। पुलिस अज्ञात लोगों के भी पहचान की कोशिश कर रही है।

पटना सिटी एसपी ईस्ट के नेतृत्व में गिरफ्तारी के लिए बनाई गई है टीम


इस मामले को एसएसपी ने गंभीरता से लेते हुए एसआईटी का गठन किया गया है। पटना सिटी एसपी ईस्ट भारत सोनी इस टीम को लीड कर रहे हैं। वहीं इसमें मसौढ़ी एसडीपीओ और मसौढ़ी थाना के एसएचओ को भी इस टीम में शामिल किया गया है। टीम आरोपियों के जल्द से जल्द गिरफ्तारी का प्रयास कर रही है।

गोपालपुर मठ पर हर एक घर की ली गई तलाशी


इस घटना में तीनेरी के पास ही स्थित गोपालपुर मठ के लोगों के शामिल होने की बात सामने आई थी। जिसके बाद पुलिस रविवार की देर रात तक हर एक घर की तलाशी ले रही है। आरोपी बनाए गए लोगों के संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।

बदले की भावना से किया हमला


इस घटना की नींव मतदान शुरू होने के कुछ देर बाद यानी 11 बजे के करीब ही शुरू हो गया था। मसौढ़ी की राजद विधायिका रेखा देवी तिनेरी बूथ पर पहुंची थी। ग्रामीणों का अरोप था कि वे अवैध तरीके में बूथ में घुस कर हस्तक्षेप कर रही थी। जिसके बाद ग्रामीणों के साथ उनका विवाद हुआ था। इसमें विधायिका और उनके समर्थकों को ग्रामीणों के कड़े विरोध के बाद बूथ से भागना पड़ा था। उनके समर्थकों में गोपालपुर मठ के भी कुछ लोग शामिल थे। जिसके बाद मामले में बदले की योजना बनाई गई थी। वोटिंग खत्म होने के बाद रामकृपाल यादव तिनेरी बूथ पर अपने समर्थकों से मिलने गए थे। वहीं वापसी के क्रम में तिनेरी के उनके समर्थक उन्हें छोडऩे के लिए एनएच 22 पर आए थे। जहां पहले से घात लगाए लोगों ने फायरिंग शुरू कर दी। फायरिंग के बाद रामकृपाल यादव का चालक उन्हें पटना की जगह सीधे जहानाबाद की लेकर भागा। वहीं तिनेरी के उनके समर्थकों को वहां पर जमा लोगों ने पीटाई कर दी। जिसमें तिनेरी के कुणाल कुमार का सर फोड़ दिया गया। वहीं मुखिया पति शशि कुमार के साथ भी मारपीट की गई। काफिले में शामिल तिनेरी के एक युवक ने बताया कि अगर रामकृपाल उस समय अपनी गाड़ी से बाहर निकले होते तो उन्हें सीधे गोली से निशाना बनाने की योजना थी। क्योंकि गोली उनके वाहन को निशाना बनाकर चलाया गया था। लेकिन उनके चालक की सूझबूझ उनकी जान बच गई।

राजद विधायिका ने भी दर्ज कराई है शिकायत


मामले में राजद विधायिका रेखा देवी ने केस दर्ज कराई है। राजद विधायिका का आरोप है कि तिनेरी बूथ पर अवैध पोलिंग कराई जा रही थी। जब गड़बड़ी की शिकायत पर वे वहां पहुंची तो ग्रामीणों ने उनके साथ बदसलूकी की। इस मामले में 12 नामजद व दर्जनों अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज कराई गई है।