पटना (ब्यूरो)। दानापुर रेल मंडल के पटना-डीडीयू रेलखंड पर रघुनाथपुर स्टेशन के समीप बुधवार की रात 9.50 बजे आनंद विहार से कामाख्या जा रही नार्थ ईस्ट एक्सप्रेस दुर्घटनाग्रस्त हो गई, जिसमें पांच लोगों की मौत हो चुकी है। कारब सौ यात्री घायल हुए हैं, जिनमें करीब दो दर्जन लोगों की स्थिति गंभीर है।

चार एसी कोच पलट गए
यह भीषण दुर्घटना डुमरांव और बिहिया के बीच हुई। हादसे में चार एसी कोच पलट गए, जबकि इंजन के बाद की तीन बोगियां बेपटरी हो गई थीं। दुर्घटना की विभीषिका का अनुमान इसी से लगाया जा सकता है कि बोगियां आपस में जैसे गूथ गई हों। घटनास्थल पर अंधेरा होने के कारण राहत कार्य में भी परेशानी आ रही थी। बक्सर के जिलाधिकारी अंशुल अग्रवाल ने चार लोगों की मौत की पुष्टि की है। वहीं, घटनास्थल पर राहत कार्य में जुटे ब्रह्मपुर थानाध्यक्ष रंजीत कुमार ने एक और शव बरामद होने की पुष्टि करते हुए बताया कि मृतकों की संख्या पांच हो गई है।

थोड़ी देर पहले गुजरी थी कई ट्रेनें
भोजपुर के जिलाधिकारी राजकुमार ने बताया कि दुर्घटना में 60 से 70 यात्री जख्मी हुए हैं। वहीं, प्रत्यक्षदर्शियों ने सौ के करीब यात्रियों के घायल होने की बात कही है। दुर्घटना के कारणों का पता अभी नहीं चल पाया है। इस ट्रेन के दुर्घटनाग्रस्त होने से थोड़ी देर पहले पटना-दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस, संपूर्ण क्रांति, और राजेंद्रनगर अजमेर जियारत एक्सप्रेस यहां से गुजर चुकी थी।

प्वांइट फेल्योर का अनुमान
नार्थ ईस्ट एक्सप्रेस के दुर्घटनाग्रस्त होने का कारण अभी सामने नहीं आया है, पर तकनीकी विशेषज्ञ प्रथम²ष्ट््या प्वांइट फेल्योर का अनुमान लगा रहे हैं। प्वाइंट से ही ट्रैक बदला जाता है। यद्यपि कहीं से आधिकारिक रूप से यह नहीं कहा गया है। दुर्घटना के बाद ट्रेनों का परिचालन ठप हो गया है।

जोरदार आवाज सुनाई दी
ट्रेन में सवार अलीगढ़ से दार्जिङ्क्षलग जा रहे यात्री कैलाश शर्मा ने बताया कि अचानक जोरदार विस्फोट की आवाज सुनाई दी और सब कुछ उलट-पुलट हो गया। आनंद विहार से किशनगंज जा रहे मो। नासिर ने बताया कि वे बी-7 कोच में थे। खाना खाने के बाद सो गए। कब और कैसे दुर्घटना हुई, पता नहीं। जब तेज आवाज के साथ बोगी पलट गई तब पता चला। उनके भाई अबू जैद की मृत्यु हो चुकी थी। शव बोगी में फंसा था, जिसे निकालने का प्रयास किया जा रहा था। इसी कोच के नीचे एक दूसरे से फंसे दो शव पड़े थे। इसमें एक शव लड़की का था। शव निकालने के लिए गैस कटर का प्रयोग किया जा रहा था।

पूर्व मध्य रेलवे के जीएम पहुंचे
पूर्व मध्य रेलवे के जीएम अनुपम शर्मा, डीआरएम जयंत कुमार चौधरी दलबल के साथ मौके पर पहुंच गए हैं। दानापुर से दुर्घटना राहत यान भी रवाना हो गया है। पंडित दीनदयाल उपाध्याय स्टेशन से रेस्क्यू ट्रेन क्रेन के साथ पहुंच रही थी। रेलवे की मेडिकल टीम और अधिकारियो के साथ-साथ दुर्घटना राहत यान घटना स्थल के लिए रवाना हो चुका है। एनडीआरएफ की टीम भी घटनास्थल के लिए रवाना हो चुकी है। बक्सर के सभी थानों की पुलिस मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्य में जुट गई है। भोजपुर के जिलाधिकारी ने बताया कि घायलों को लाने के लिए भोजपुर से 15 एंबुलेंस रघुनाथपुर भेजे गए हैं। अस्पतालों को भी अलर्ट कर दिया गया है। आरा सदर अस्पताल में कैंप कर रहे सिविल सर्जन सुरेश प्रसाद ङ्क्षसह और उपाधीक्षक डा। अरूण ने कहा कि अस्पताल में दवाओं का पर्याप्त इंतजाम है। राजघानी के पटना मेडिकल कालेज व अस्पताल, अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान एवं इंदिरा गांधी आयुर्विज्ञान संस्थान को भी अलर्ट कर दिया गया है।

ट्रेनें आसपास रोकी गईं
दुर्घटना के बाद इस रूट की सभी ट्रेनों को आसपास के स्टेशनों पर रोक दिया गया है। कई ट्रेनों का रूट डायवर्ट कर दिया गया है। सीमांचल एक्सप्रेस दिलदार नगर में, गुवाहाटी राजधानी एक्सप्रेस दानापुर में रोक दी गई है। विभूति, पंजाब मेल समेत अन्य ट्रेनों को वाराणसी से ही दूसरे रूट से किउल भेजा जा रहा है। 12309 राजेंद्र नगर तेजस राजधानी व 12393 संपूर्ण क्रांति के साथ 12395 जियारत एक्सप्रेस घटना से पहले ही बक्सर से निकल चुकी थीं। वहीं कई अन्य ट्रेनों को दूसरे रूट से भेजा जा रहा है। 12149 पुणे एक्सप्रेस दानापुर में खड़ी है। उपमुख्यमंत्री तेजस्वी प्रसाद यादव ने भोजपुर के जिलाधिकारी को फोन कर अस्पताल में तैयारियों के बारे में ली जानकारी ली तथा घायलों के समुचित इलाज के लिए दिशा-निर्देश दिए हैं। इधर, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सम्राट चौधरी से दुर्घटना की जानकारी ली और कार्यकर्ताओं को राहत कार्य में जुटने का निर्देश दिया। केंद्रीय मंत्री अश्विनी कुमार चौबे ने भी घटना की जानकारी ली।