चार साल पहले की थी लव मैरेज
चार साल पहले ही निकाह किया था। दार्जिलिंग और आगरा भी घुमा लाया था। लेकिन किसी को खबर नहीं थी कि लड़की के नसीब में उसके शौहर के हाथों ही मरना है। अल्लाह फिरोज को कभी माफ नहीं करेगा। ऐसी नेक बीवी के साथ उसने गलत किया। समनपुरा के फिरोज मंजिल के चौथे तल्ले पर रहने वाली रिजवाना की डेडबॉडी को देखने आने वाले लोग और उसके नजदीकी इन्हीं लफ्जों से अपनी बात शुरू करते और उस कमरे को निहारते जहां पर रिजवाना की डेडबॉडी पड़ी थी। फिलहाल उसके पति फिरोज का कोई अता-पता नहीं है। 12 बजे के बाद से उसका मोबाइल स्वीच ऑफ है।

तीसरी लड़की पर थी नजर
फुलवारी का रहने वाला 30 साल का फिरोज और कुर्जी की रहने वाली 22 साल की रिजवाना, दोनों ने लव मैरेज की थी। दोनों की यह दूसरी शादी थी। रिजवाना बुटिक व पार्लर चलाती थी। वहीं फिरोज की पहली पत्नी डिवोर्स ले चुकी थी। इसके बाद फिरोज ने रिजवाना से निकाह किया था। रिजवाना की बहन की मानें तो फिरोज किसी तीसरी लड़की से फंसा था। इसीलिए रिजवाना और उसमें अमूमन मारपीट होती थी। लेकिन उसका यह हश्र होगा ऐसा किसी ने नहीं सोचा था। इस घटना की जांच के लिए फॉरेंसिक एक्सपर्ट सहित सिटी एसपी जयंत कांत ने घटनास्थल पर पहुंच कर मामले का जायजा लिया।

12 बजे किया था फोन 
रिजवाना के साथ यह हादसा 12 बजे से पहले ही हो गया था। क्योंकि इस घटना के बाद फिरोज ने उसकी बहन को फोन करके बताया था कि रिजवाना ने सुसाइड कर लिया है। इसके बाद से फिरोज का मोबाइल बंद था। सुबह जब फैमिली मेंबर आए तो पूरा घर खुला था। रिजवाना बेड पर मरी पड़ी थी। सिर के पास लोहे का रोड था और वहीं दुपट्टा भी रखा था। रिजवाना के पहले पति से दो बच्चे अंशु और माही है। अंशु को उसके पहले शौहर रखे है, जबकि माही रिजवाना के मायके में रहती है।