- बिहार प्रदेश कांग्रेस प्रभारी ने सरकार की कार्यशैली पर खड़े किए सवाल

SASARAM: मोदी सरकार किसान बिल वापस नहीं लेकर 62 करोड़ किसानों के साथ नाइंसाफी कर रही है। पिछले दो महीने से दिल्ली के आसपास सत्याग्रह कर रहे किसानों पर दमनात्मक कार्रवाई की जा रही है। ये बातें बुधवार को सासाराम परिसदन में आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में बिहार कांग्रेस के प्रभारी भक्त चरण दास ने कहीं। उन्होंने कहा कि देश में किसान और मजदूरों से बड़ा कोई देशभक्त नहीं है।

किसान आंदोलन को कांग्रेस का समर्थन

दास ने कहा कि कांग्रेस ने किसानों के आंदोलन को समर्थन देने का फैसला लिया है। गरीब राष्ट्र के बजट में तीन लाख 50 हजार करोड़ रक्षा पर खर्च करने का प्रावधान किया गया है। कोविड-19 में जहां जीडीपी काफी नीचे चली गई। वहीं कई उद्योगपतियों की विकास दर बढ़ गई। उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि क्या इस देश में भाजपा से बड़ा कोई देशभक्त नहीं है। देश को आजादी दिलाने वाली कांग्रेस जैसी राष्ट्रीय पार्टी पर भ्रष्टाचार का बेबुनियाद आरोप लगाया जाता है। लाल किले पर हुए तिरंगे के अपमान पर खेद जताते हुए कहा कि कुछ असामाजिक तत्वों ने अपमान कर दिया और सुरक्षा में लगी एजेंसी मूक दर्शक बनी रही। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष मदन मोहन झा ने भी अपनी बातें रखीं।