- खस्तहला सड़कों पर हिचकोले खाने को मजबूर हैं लोग

- नाला पार की सड़कों का बदतर हालत होने के चलते वाहन चालक होते हैं चोटिल

PATNA : स्मार्ट सिटी पटना के कई वार्ड के मोहल्ले में सड़कों की हालत खस्ता है। खासकर मुख्य सड़क से जुड़ने वाली सड़कों की हालत काफी खस्ता है। इन सड़कों पर लोग हिचकोले खाने को मजबूर हैं। इन्हीं में एक मोहल्ला है वार्ड नंबर 22 का कुर्जी बालू पर। इस मोहल्ले से निकल रही एक सड़क अटल पथ तो दूसरी गांधी मैदान-दानापुर मुख्य मार्ग को जोड़ती है। दैनिक जागरण आई नेक्स्ट की मुहिम बदहाल लिंक पथ की पड़ताल करने टीम कुर्जी बालू पर पथ पर सुबह 9:30 बजे पहुंची। टीम ने वहां का हाल देखा और लोगों से बात की। प्रस्तुत है रिपोर्ट

नहीं देता कोई ध्यान

इस मोहल्ले के निवासियों की मानें तो कई बार नगर निगम और स्थानीय विधायक से सड़क बनवाने की गुहार लगाई गई, लेकिन इस ओर किसी का ध्यान नहीं जाता है। बारिश का मौसम आने से पहले लिंक पथ निर्माण को लेकर कोई ठोस कदम नहीं उठाए गए जिस वजह से बारिश के समय सड़क पर जलजमाव हो जाता है। सड़कों की बदतर हालत के चलते यहां से निकलना खतरे से खाली नहीं रह गया है। सड़कों पर इतने गढ्डे हो गए हैं कि वाहन सड़कों पर रेंगकर चलने को मजबूर हो रहे हैं। सड़कों पर गुजरने वाले वाहन चालकों को हर समय हादसा होने का अंदेशा बना रहता है। खासकर रात के समय तो दुपहिया वाहन चालकों के लिए सड़क पर चलना खतरे से खाली नहीं है। कुर्जी बालू का लिंक पथ अटल पथ को जोड़ता है तो दूसरा गांधी मैदान -दानापुर मुख्य मार्ग को मगर दोनो ही लिंक पथ सालों से निर्माण के इंतजार में आस जमाए बैठा है।

हिचकोले खाने को मजबूर हैं वाहन चालक

इंडस्ट्रीयल एरिया नाला पार के बाद अटल पथ मुख्य मार्ग को जोड़ने वाले लिंक पथ पर वाहन चालकों के लिए वाहन चलाना आसान नहीं है। सड़क बुरी तरह से जर्जर हो चुकी हैं। कई स्थानों पर तो स्थिति इतनी बदतर हो गई कि सड़क पर गढ्डे ही दिखाई दे रहे हैं। यहां से वाहन ले जाना तो दूर पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है। सड़क की खस्ता हालत के चलते आए दिन लोग हादसों का शिकार हो रहे हैं। रात के समय अंधेरे में दुर्घटना होनी की संभावना अधिक हो जाती है। पटना नगर निगम एरिया में होने के बाद भी अधिकारी इस ओर ध्यान नहीं दे रहे हैं। इस संबंध में पटना की मेयर सीता साहू से उनके नंबर पर संपर्क करने की कोशिश की गई। मगर संपर्क स्थापित नहीं हो पाया।

सड़क निर्माण कार्य अधूरा

नाला पार मोहल्ले से गांधी मैदान-दानापुर मुख्य मार्ग को जोड़ने वाली सड़क का निर्माण कार्य तो पिछले कई माह से चल रहा है मगर पूरा आज तक नहीं हुआ। निर्माण के नाम पर कच्ची सड़क पर गिट्टी बिछा दी गई है। जो बारिश में दब तो गई है मगर वाहन चलाने में अत्यधिक परेशानी होती है। वार्ड 22 बी की इस का हालत बताते हुए स्थानीय निवासी अशोक कुमार ने बताया कि बारिश के दिनों में सबसे ज्यादा परेशानी होती है। सड़क पर पानी लग जाता है। सड़क पर गिट्टी बिछे होने के चलते पैदल चलने में लोगों के पैर में लगता रहता है।

पार्षद कौन नहीं जानते लोग

क्षेत्र के जनप्रतिनिधि वार्ड पार्षद सुचित्रा सिंह कितना एक्टिव हैं वो इस बात से अंदाजा लगाया जा सकता है कि वार्ड 22 बी के अधिकांश लोगों को उनके घर का पता मालूम होना तो दूर की बात है अपने पार्षद का नाम तक ठीक से नहीं पता है। रिपोर्टर द्वारा पूछने पर स्थानीय लोगों ने पार्षद का नाम नीलेश कुमार बताया। पार्षद का संपर्क नंबर पूछने पर अधिकांश ने अनभिज्ञता बताई।

- चचरी पुल से पार करने को लोग मजबूर

स्मार्ट सिटी में वार्ड 22 बी कितना डेवलप है वो इस बात से अंदाजा लगाया जा सकता है कि यहां के लोग इंडस्ट्रीयल एरिया में आने के लिए जर्जर चचरी पुल पार करके आते हैं। पुल की हालत इतना ज्यादा खराब है कि चार पांच लोग अगर एक साथ पार करने लगते हैं तो पुल हिलने लगता है। मगर इन्हें रोकने टोकने वाला कोई नहीं है। अगर इसी तरह लोग चचरी पुल पार करते रहे तो वहां पर कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।

-----

इंडस्ट्रीयल एरिया के बाद के सभी लिंक पथ पूरी तरह से खराब हैं। संबंधित विभाग के उदासीन रवैये के चलते सड़क निर्माण कार्य नहीं हो पाया है। स्थानीय लोगों के द्वारा कई बार शिकायत भी की गई है। मगर कोई एक्शन नहीं हुआ है।

- अंजू देवी, आम पब्लिक

केवल वार्ड 22 बी ही नहीं, पटना के अधिकांश लिंक पथ का यही हाल है। चुनाव के समय नेता वोट मांगने आते हैं। जीतने के बाद फिर पांच साल के बाद ही दिखाई देते हैं। ऐसे में सड़क निर्माण कार्य कैसे पूरा होगा।

-अपूर्व रानी, आम पब्लिक

जर्जर लिंक पथ पर सबसे ज्यादा परेशानी वाहन चलाने वाले चालकों को होती है। कभी-कभी अनजान लोग यहां वाहन से आते हैं तो हिचकोले खाकर एक्सीडेंट कर जाते हैं। इसलिए लिंक पथ का निर्माण कार्य जल्द से जल्द हो।

- संजय भंडारी, आम पब्लिक

प्रमुख समस्या

- खस्ताहाल सड़कों से निकलना हुआ मुश्किल

- इंडस्ट्रीयल एरिया जाने के लिए नजदीक में कोई पुल नहीं है

- रात का अंधेरा देता है हादसों को बढ़ावा

- बारिश के मौसम सड़क पर लग जाता है पानी