-दिल्ली नगर निगम चुनाव में भाग लेने का फैसला

-लॉकडाउन में दिल्ली में सीएम की पहल पर हुए कार्यो की चर्चा की

PATNA: दिल्ली में जेडीयू अपना जनाधार बढ़ाएगा। जेडीयू दिल्ली नगर निगम चुनाव में पूरे दमखम के साथ भाग लेगा। यह बातें जेडीयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष आरसीपी सिंह ने संडे को कही। वे दिल्ली प्रदेश जेडीयू ऑफिस में पार्टी की प्रदेश इकाई द्वारा आयोजित अभिनंदन समारोह में बोल रहे थे। आरसीपी सिंह ने अभिनंदन समारोह के दौरान दिल्ली प्रदेश जदयू के उन कार्यकर्ताओं को सम्मानित किया जिन्होंने लॉकडाउन की अवधि में फंस गए मजदूरों की सेवाभाव से सहायता की। उन्होंने कहा कि लॉकडाउन के दौरान दिल्ली में बिहार के सीएम नीतीश कुमार के निर्देश के तहत चौदह स्थानों पर छह लाख से ज्यादा बिहारी लोगों को भोजन कराया गया। कोरोना काल में बिहार के फंसे लोगों को तत्काल सहायता राशि भेजी गयी।

दूसरे दलों ने ले लिया श्रेय

आरसीपी ने कहा कि देश में कई ऐसी पार्टियां हैं जो काम के नाम पर कुछ नहीं करती है। प्रचार-प्रसार की बदौलत सत्ता में आ जाती हैं। दिल्ली में आम आदमी पार्टी इसका जीता -जागता उदाहरण है। जदयू ने कोरोना काल के दौरान दिल्ली में ऐसा काम किया जिसका कोई मुकाबला नहीं था। पर इस कार्य को लोगों के बीच प्रचारित नहीं किया गया और उसका श्रेय दूसरे दलों ने ले लिया।

लोगों को दें अच्छे कार्यो की जानकारी

इस मौके पर दिल्ली जदयू के प्रभारी व जदयू के राष्ट्रूीय महासचिव संजय झा ने कहा कि पार्टी के लोग नीतीश कुमार के कार्यों को सोशल मीडिया पर डालें तथा लोगों से मिलकर उन्हें अच्छे कार्यो की जानकारी दें। उन्होंने कहा कि कोरोना काल में बिहार सरकार ने बाहर रहे अपने राज्य के इक्कीस लाख कामगारों के बैंक खाते में एक-एक हजार रुपए की सहायता राशि भेजी। इससे दिल्ली व एनसीआर में लाखों लोग लाभान्वित हुए। उन्हें गांव तक पहुंचाने और उन्हें क्वारंटाइन सेंटर में रखने की व्यवस्था की गयी।