-आरसीपी व पारस को स्पीकर व डिप्टी सीएम ने दी बधाई

PATNA: जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष आरसीपी सिंह और लोजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष पशुपति पारस को केंद्रीय मंत्री बनाए जाने पर विधानसभा अध्यक्ष विजय कुमार सिन्हा समेत भाजपा नेताओं ने बधाई दी है। जबकि जेडीयू ऑफिस में कार्यकर्ताओं ने जमकर खुशियां बांटी। विजय सिन्हा ने आरके सिंह व बिहार भाजपा प्रभारी भूपेंद्र यादव समेत सभी नए मंत्रियों को शुभकामनाएं दी हैं। उम्मीद जताई है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में नवगठित मंत्रिमंडल के सहयोग से भारत नई इबारत लिखेगा। उप मुख्यमंत्री तार किशोर प्रसाद ने कहा कि दोनों सहयोगी दलों के प्रतिनिधित्व से आत्मनिर्भर बिहार के संकल्प को पूरा करने में सहयोग मिलेगा। स्वास्थ मंत्री मंगल पांडेय ने भी बधाई और शुभकामनाएं दी है। उन्होंने कहा है मंत्रिमंडल विस्तार में सभी वर्र्गो और सहयोगी दलों का पूरा-पूरा ख्याल रखा गया है।

रखेंगे बिहार के हितों का ध्यान

राज्यसभा सदस्य सुशील मोदी ने उम्मीद जताई कि आरसीपी सिंह और पशुपति पारस केंद्रीय मंत्री के नाते बिहार के हितों का विशेष ध्यान रखेंगे। सहयोगी दलों का सम्मान मिलने से राज्य में एनडीए की एकजुटता मजबूत होगी। भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता अरविंद सिंह ने भी शपथ लेने वाले मंत्रियों को बधाई दी है।