- बॉडीगार्ड बिरजू तांती बेगूसराय जिले के कुरहा के थे निवासी

- खगडि़या के गौछारी में थी ससुराल, रहते थे पुलिस लाइन में

KHAGARIYA: खगडि़या एडीजे-वन के बॉडीगार्ड बिरजू तांती ने गुरुवार सुबह पांच बजे खगडि़या पुलिस लाइन में पिस्टल से सिर में गोली मारकर खुदकुशी कर ली। आनन-फानन उसे सदर अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टर्स ने बताया उसकी मौत हो चुकी है। बिरजू तांती बेगूसराय जिले के कुरहा बाजार के निवासी थे। उनकी ससुराल खगडि़या जिले के गौछारी में थी।

वह खगडि़या पुलिस लाइन स्थित सरकारी आवास में पत्नी कविता शर्मा और तीन मासूम बेटियों के साथ रहते थे।

बेटी को ब्रेन ट्यूमर से थे परेशान

सार्जेट मेजर महेंद्र यादव ने बताया कि बिरजू बुधवार शाम आवास आए थे। कभी उनकी कोई शिकायत सामने नहीं आई और ना ही किसी प्रकार के पारिवारिक विवाद का ही मामला सामने आया था। बिरजू की छोटी बेटी का जन्म दो महीने पहले हुआ है। छोटी बेटी को जन्म के समय से ही ब्रेन ट्यूमर है। उसके इलाज को लेकर बिरजू तनाव में रहते थे। पुलिस लाइन के कुछ जवानों ने बताया कि गोली की आवाज सुनकर जब बिरजू के आवास पर पहुंचे तो उनकी पत्नी ने घटना की जानकारी दी।

घटना काफी दुखद है। आरंभिक तौर पर पारिवारिक विवाद लग रहा है। फॉरेंसिक टीम बुलाई गई है। जरूरत होने पर एसआइटी का भी गठन किया जाएगा।

-मीनू कुमारी, एसपी, खगडि़या