-रोहतास के करगहर में शशिकांत की खलिहान में गोली मारकर हत्या

-वैशाली के महुआ में मुखलाल राय की खेत में धारदार हथियार से हत्या

ROHTAS/HAZIPUR: गुरुवार की रात अलग-अलग वारदातों में रोहतास और वैशाली जिले में दो किसानों की हत्या कर दी गई। पहली घटना रोहतास के करगहर थाना क्षेत्र के घूरनपुर पिपरी गांव में हुई जहां खलिहान में धान की रखवाली कर रहे किसान की गोली मारकर हत्या कर दी गई। जबकि महुआ में खेत में बैगन की रखवाली कर रहे किसान को मार डाला। दोनों ही वारदातों में पुलिस खाली हाथ है। हत्या के कारणों का पता भी नहीं लग पाया है।

चार लोग कर रहे थे धान की रखवाली

मृतक 40 वर्षीय शशिकांत राय रोहतास जिले के करगहर के घूरनपुर पिपरी निवासी बच्चू राय के पुत्र थे। उनके साथ सोए चचेरे भाई और चरवाहे के चिल्लाने पर जुटे ग्रामीणों ने सूचना पुलिस और लखनऊ में स्वजनों को दी। पुलिस ने जांच-पड़ताल की है। शव को पोस्टमार्टम के लिए सासाराम सदर अस्पताल भेज दिया गया। थानाध्यक्ष सुशांत कुमार मंडल ने बताया कि खलिहान में धान की रखवाली करने के लिए शशिकांत राय चचेरे भाई रमाकांत राय और उसके चरवाहे समेत चार लोगों के साथ सोए थे। शशिकांत लखनऊ में हार्डवेयर की दुकान चलाते हैं। हाल ही में गांव आए थे। घटना के कारणों का पता नहीं चल पाया है।

जांच करने पहुंचे पुलिस अफसर

दूसरी घटना वैशाली जिले के महुआ थाना क्षेत्र के मिर्जानगर में गुरुवार की रात हुई। 55 वर्षीय किसान मुखलाल राय खेत में बैगन की रखवाली कर रहे थे। उनकी तेज धारदार हथियार से हत्या कर दी गई और शव को खेत में ही छोड़ दिया गया। सुबह जब गांव के लोग गुजर रहे थे तो मुखलाल का क्षत-विक्षत शव देखा। सूचना महुआ थाना की पुलिस को दी गई। अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी पूनम केशरी और थानाध्यक्ष कृष्णनंदन झा पहुंचे। बाद में डॉग स्क्वॉयड की टीम भी पहुंची।