GOPALGANJ: बिहार में गोपालगंज के पास शनिवार को ट्रक द्वारा एक कार को टक्कर मार देने से उस पर सवार संजीव झा, उनकी पत्‍‌नी व दो बच्चों की मौत हो गई। वे निजी कार से होली की छुट्टी में गुरुग्राम से सहरसा जिले के बनगांव स्थित अपनी ससुराल जा रहे थे। मृतकों में संजीव झा, उनकी पत्‍‌नी निम्मी झा, बेटी आस्था और पुत्र राज शामिल हैं। बनगांव के ग्रामीणों ने बताया कि संजीव झा की शादी 15 वर्ष पूर्व बनगांव के वार्ड नंबर 11 निवासी पलटन झा की छोटी पुत्री निम्मी के साथ हुई थी। इस सड़क हादसे में पूरा परिवार समाप्त हो गया। हादसे की सूचना मिलते ही ससुराल में शोक की लहर छा गई।

ससुराल में रुकते थे संजीव

संजीव का गांव बनगांव है। उनका ससुराल भी उसी गांव के वार्ड नंबर 11 में है। गांव में घर नहीं रहने के कारण छुट्टियों में घर आने पर वे ससुराल में ही ठहरते थे। मधुकांत झा के दो पुत्रों में संजीव छोटे थे। मधुकांत जमशेदपुर में रिटायर होने ने के बाद वहीं रहने लगे। संजीव के बड़े भाई नवीन मुंबई में रहते हैं। पूरा परिवार ही उजड़ गया।