-4178 करोड़ रुपए से तीन शहरों में जलापूर्ति को मंजूरी

PATNA: कोरोना का असर इस बार मानसून सत्र पर भी दिखेगा। बिहार विधान मंडल का मानसून सत्र 26 जुलाई से प्रारंभ होगा। सत्र की अवधि सीमित होगी। सत्र पांच दिन का होगा और इस दौरान कुल पांच बैठकें होंगी। फ्राइडे को सीएम नीतीश कुमार की अध्यक्षा में राज्य मंत्रिमंडल की बैठक में सप्तदश विधानसभा के तृतीय सत्र और विधान परिषद के 198 सत्र के औपबंधिक कार्यक्रम को मंजूरी दी गई। बैठक में कुल 10 प्रस्ताव मंजूर किए गए।

3 शहरों में गंगा जल की सप्लाई

मंत्रिमंडल की आधिकारिक अनुसार जल-जीवन-हरियाली के तहत गंगा जल उदवह योजना के प्रथम चरण की स्वीकृत राशि में 918.58 करोड़ की वृद्धि की गई है। साथ ही अतिरिक्त कार्य करने के लिए 420.23 करोड़ रुपये भी इसमें समाहित किए गए हैं। पूर्व में यह राशि 2836 करोड़ से अधिक थी। अब 4178 करोड़ की योजना हो गई है। राशि से गया, बोधगया और राजगीर शहर को गंगा जल की आपूर्ति होगी। यह काम जल संसाधन विभाग करेगा। इसके साथ ही अन्य प्रस्ताव मंजूर किए गए हैं।

हैंड कम्प्रेशन पंप के लिए 2 करोड़

स्वास्थ्य विभाग के प्रस्ताव पर विमर्श के बाद मंत्रिमंडल ने कालाजार उन्मूलन के लिए कीटनाशक का छिड़काव करने के लिए विश्व स्वास्थ्य संगठन के माध्यम से दो करोड़ की लागत पर हैंड कम्प्रेशन पंप खरीद की मंजूरी भी दी है।

गायघाट से खाजेकलां के बीच गंगा पथ के लिए मिली जमीन

पटना सिटी के गायघाट से खाजेकलां के बीच निर्माणाधीन गंगा पथ के लिए 40.24 एकड़ जमीन पथ निर्माण विभाग को स्थानांतरित की गयी है। सारण जिले की यह जमीन सरकारी जमीन है। राज्य कैबिनेट ने शुक्रवार को राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग के इस आशय के प्रस्ताव को अपनी मंजूरी प्रदान की। राज्य सरकार ने यह जमीन नि:शुल्क अंतरविभागीय हस्तांतरण नियम के तहत पथ निर्माण विभाग को उपलब्ध करायी है। जमीन सारण के सोनपुर अंचल के सबलपुर मौजा की है। जमीन हस्तांतरण के बाद निर्माण में तेजी आएगी।