खबर छपने के बाद नगर आयुक्त ने किया औचक निरीक्षण

- लॉगबुक मेनटेन करने एवं नाले से अतिमण हटाने का भी दिया आदेश

PATNA :

नाला उड़ाही के दौरान सिल्ट को सड़क किनारे ही छोड़ दिया जा रहा है। इससे गंदगी और बीमारी फैलने की आशंका पर खबर प्रकाशित होते ही अधिकारी एक्शन में आए और मामले की जांच के साथ ही कार्रवाई के निर्देश भी दिए।

बता दें कि दैनिक जागरण आई नेक्स्ट ने नाला साफ कर सड़क पर छोड़ दी सिल्ट हेडिंग के साथ पटना नगर निगम की ओर से चल रहे नाला उड़ाही के काम में हो रही लापरवाही की खबर को 11 अप्रैल के अंक में प्रमुखता से प्रकाशित किया था। जिसके बाद म्युनिसिपल कमिश्नर ने इस पर कार्रवाई करते हुए नालों का औचक निरीक्षण किया और सिल्ट को हटाने का निर्देश दिया।

म्युनिसिपल कमिश्नर हिमांशु शर्मा ने रविवार को पाटलिपुत्र अंचल अंतर्गत राजीव नगर नाला एवं पटेल नगर नाला की उड़ाही कार्य का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्हें भी कई स्थानों पर सड़क किनारे गाद फैला हुआ मिला, जिस पर नाराजगी जताते हुए उन्होंने तत्काल उसे साफ करने के निर्देश दिया। इसके साथ ही उड़ाही कार्य का लॉगबुक मेनटेन करने का निर्देश दिया।

नापी गई नालों की गहराई

नाला उड़ाही कार्य से पहले पटना नगर निगम क्षेत्र के अंतर्गत सभी नालों एवं सहायक नालों की प्रति 100 मीटर की दूरी पर गहराई नापी गई थी। म्युनिसिपल कमिश्नर द्वारा कार्यपालक अभियंता, पाटलिपुत्र प्रमंडल को उड़ाही के बाद दोबारा हर 100 मीटर पर नाले की गहराई नापने एवं पूर्व नापी गई नाले की गहराई से मिलान करते हुए, कार्य प्रतिवेदन समर्पित करने का निर्देश दिया। निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त द्वारा स्वयं कई स्थानों पर नाले की गहराई नापी गई।

दिए गए कई निर्देश

- नाले पर विभिन्न दुकानदारों एवं प्रतिष्ठानों ने अतिक्रमण कर लिया है। कई स्थानों पर निर्माण सामग्री भी नाले के ऊपर रखी पाई गई। उड़ाही के दौरान इन अवरोधों को हटाने एवं जेसीबी, पोकलेन आदि मशीनों के परिचालन के लिए नाला का चौड़ीकरण अनिवार्य है। इससे नाले के किनारे सड़क पर लगे बिजली के पोल के क्षतिग्रस्त होने की संभावना है। म्युनिसिपल कमिश्नर ने कार्यपालक पदाधिकारी, पाटलिपुत्र अंचल को इस संबंध में पेसू को सूचित करने एवं आवश्यक कार्रवाई करने के लिए पत्र लिखने का निर्देश दिया गया।

दीघा-आर ब्लॉक सड़क किनारे अवस्थित नाले के निरीक्षण के दौरान म्युनिसिपल कमिश्नर ने कार्यपालक पदाधिकारी, पाटलिपुत्र अंचल को सड़क किनारे पड़े निर्माण सामग्री, मलबा एवं मिट्टी का ढेर हटाने के लिए बिहार राज्य पथ विकास निगम (बीएसआरडीसी) को पत्र लिखने का निर्देश दिया गया।

- फुलवारी, कौशलनगर एवं एयरपोर्ट होते हुए नूतन राजधानी अंचल अवस्थित सपर्ेंटाइन नाले से मिलने वाले नाले की उड़ाही का कार्य नालों पर रखे लोहे की जाली और पत्थर के स्लैब के कारण रविवार को प्रारंभ नहीं हो पाया। म्युनिसिपल कमिश्नर ने कार्यपालक पदाधिकारी, नूतन राजधानी अंचल को जल्द इसपर कार्रवाई करने के संबंध में एयरपोर्ट अथॉरिटी को पत्र लिखने का निर्देश दिया गया।

नगर आयुक्त के निरीक्षण के दौरान देवेंद्र प्रसाद तिवारी, अपर नगर आयुक्त (योजना), शीला ईरानी, अपर नगर आयुक्त (सफाई), कार्यपालक पदाधिकारी, पाटलिपुत्र अंचल, कार्यपालक पदाधिकारी, नूतन राजधानी अंचल, कार्यपालक अभियंता, पाटलिपुत्र प्रमंडल, कार्यपालक अभियंता नूतन राजधानी प्रमंडल, नगर प्रबंधक एवं मुख्य सफाई निरीक्षक उपस्थित रहे।